लखनऊ और अलीगढ़ में धक्का-मुक्की, बरेली, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर में हमलावरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन को मिल रही जान से मारने की धमकियों के खिलाफ प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूपी की राजधानी लखनऊ और अलीगढ़ में प्रदर्शन के दौरान हल्की धक्का-मुक्की भी हुई और हमलावरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
सभी जिलों में धरना, राष्ट्रपति को सौंपा गया ज्ञापन

सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालयों के बाहर धरना देते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से राज्य में कानून-व्यवस्था की बदहाली, दलित और वंचित समाज पर हो रहे हमलों और लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
करणी सेना ने जान से मारने की दी धमकी और किया हमला

सपा ने ज्ञापन में बताया कि बीते कई हफ्तों से करणी सेना द्वारा सांसद रामजी लाल सुमन को जान से मारने की धमकियाँ दी जा रही हैं। उनके आगरा स्थित आवास पर हमला किया गया और 27 अप्रैल को अलीगढ़ में उनके काफिले पर भी हमला हुआ। हमले में काफिले के कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और समर्थक गंभीर रूप से घायल हुए।
सपा का आरोप,अराजक तत्वों को सरकार का संरक्षण
समाजवादी पार्टी का आरोप है कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। पार्टी ने आरोप लगाया कि अराजक तत्वों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और यह भाजपा सरकार की दलित विरोधी मानसिकता को उजागर करता है।
‘पीडीए’ वर्ग पर बढ़ रहे हमलों का विरोध
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा शुरू किए गए ‘पीडीए’—पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक—समूहों के एकीकरण की मुहिम को वर्चस्ववादी शक्तियाँ बर्दाश्त नहीं कर पा रहीं। सपा ने कहा कि इसी कारण इन वर्गों पर हमलों की घटनाएँ तेजी से बढ़ी हैं, जो लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ हैं।
राष्ट्रपति से की हस्तक्षेप की मांग
सपा ने राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन में लिखा है कि “महामहिम राष्ट्रपति जी, आप संविधान की संरक्षक हैं। उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों और दलित समाज पर हमले हो रहे हैं। हम आपसे विनम्र अनुरोध करते हैं कि आप संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए ठोस हस्तक्षेप करें।”
प्रदेश भर में शांतिपूर्ण पर प्रभावी विरोध
लखनऊ, बरेली, अलीगढ़, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ समेत तमाम जिलों में सपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी, ज्ञापन सौंपने और मीडिया को संबोधित करने का सिलसिला चलता रहा। कुछ जगहों पर प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़पें भी देखी गईं, लेकिन स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
