लखनऊ/ उन्नाव : यूपी के लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें कार के कंटेनर से टकरा जाने के कारण तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। यह दर्दनाक हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े एक भारी- भरकम कंटेनर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।
मृतक बिहार और देवरिया के निवासी
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान विनय पाठक,निवासी बिहार, उमेश सिंह, निवासी देवरिया और सीमा उपाध्याय, पत्नी स्व. अजीत उपाध्याय, निवासी देवरिया बताई गई है। इसमें एक किशोरी घायल है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसको तत्काल कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और ICU में उसका इलाज चल रहा है।
मौके पर राहत और बचाव कार्य
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और यूपीडा कर्मियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शवों को कार से निकालने के लिए क्रेन और गैस कटर की मदद ली गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खो देना बताया जा रहा है।
![]()
