लखनऊ/गोरखपुर : यूपी के गोरखपुर जिले के गोला थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक ने मोबाइल टावर पर चढ़कर जमकर हंगामा किया और अपनी पत्नी पर बेवफाई के गंभीर आरोप लगाए। यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब छह घंटे तक चला। इससे इलाके में सनसनी फैला दी। वहीं, युवक की पत्नी ने भी पति पर अमानवीय व्यवहार और गर्भपात करवाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं दोपहर करीब दो बजे, गोला इलाके में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और चिल्ला-चिल्लाकर कहने लगा,
“मेरी बीवी बेवफा निकली… मुझे धोखा दिया…”
उसने बताया कि वह पहले मर्चेंट नेवी में काम करता था, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर मशरूम की खेती करने लगा। पत्नी को नर्सिंग कोर्स कराने के लिए अपनी डेढ़ बीघा जमीन बेच दी, और शहर में उसके नाम से प्रॉपर्टी खरीदी। यहां तक कि रूस भेजने के लिए पासपोर्ट तक बनवाया, लेकिन अब वह उसे छोड़ चुकी है।
पत्नी के प्रेमी को बुलाने की मांग
युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी एक निजी अस्पताल में नौकरी करती है। वहां उसके सहकर्मी से नजदीकी बढ़ गई है। युवक ने पुलिस से कहा कि वह कई बार थाने में शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसीलिए वह टावर पर चढ़ा है और पत्नी के प्रेमी को बुलाने की मांग करता रहा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने किया रेस्क्यू
मौके पर पहुंची गोला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद युवक को टावर से नीचे उतारा। इस दौरान भीड़ जमा हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।
पत्नी का पलटवार, “पति ने 10 बार गर्भपात कराया”
घटना के बाद पुलिस ने युवक की पत्नी को भी थाने बुलाकर पूछताछ की। महिला ने बताया कि शादी के दस साल हो गए। पति हमेशा कहता था कि “पहला बच्चा लड़का ही होना चाहिए।”इसी मानसिकता के कारण अब तक 10 बार गर्भ में ही दवा देकर गर्भपात कराया गया। महिला ने कहा कि वह पिछले चार साल से अलग रह रही है। उसने खुद पति का बीएससी में एडमिशन करवाया और फीस भी भरी, फिर भी पति आए दिन झूठे आरोप लगाते हैं। गोला थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। युवक को मानसिक रूप से अस्थिर होने के संदेह पर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, जिसमें कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
![]()
