बरेली : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा-2025 आज (रविवार को) बरेली जिले के 33 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुई। डीएम अविनाश सिंह ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

डीएम ने तिलक इंटर कॉलेज, मनोहर भूषण इंटर कॉलेज और गुलाब राय इंटर कॉलेज जैसे प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परीक्षार्थी शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा में सम्मिलित हो रहे थे। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में मिले और कंट्रोल रूम से सतत निगरानी की जा रही थी। जिलाधिकारी ने केंद्र प्रभारियों और विद्यालय प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
UPSC प्रारंभिक परीक्षा में रहा औसत उपस्थिति प्रतिशत

बरेली जिले में आयोजित इस परीक्षा में कुल 28764अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 7,837 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 6,545 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत रहा 54.49%। द्वितीय पाली में 7,773 परीक्षार्थी उपस्थित हुए और 6,609 अनुपस्थित रहे। उपस्थिति प्रतिशत रहा 54.04%। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन की तैयारी और निगरानी व्यवस्था की सफलता साबित हुई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई परीक्षा प्रक्रिया

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, परीक्षा प्रभारी, और निरीक्षण दल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई थी। डीएम ने कहा कि “हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना था कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न हो। टीम ने समर्पण के साथ कार्य किया। जिसके परिणामस्वरूप परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकी।”
![]()
