बरेली : यूपी के बरेली में एक बार फिर ‘आवारा पशुओं’ की समस्या ने जानलेवा रूप ले लिया। इस बार यह खतरा किसी आम राहगीर पर नहीं, बल्कि भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के बेहद करीबी और प्रसिद्ध सर्राफा कारोबारी ब्रजपाल गंगवार (65 वर्ष) पर टूटा। बुधवार को हुए इस हादसे ने पूरे जिले में गुस्से और आक्रोश की लहर दौड़ा दी है।
बेकाबू सांड ने बाइक पर किया हमला

ब्रजपाल गंगवार रोजाना की तरह बिजोरिया रोड पर स्थित अपने प्रतिष्ठान की ओर जा रहे थे। तभी महाराज लॉन के पास एक बेकाबू आवारा सांड ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने से वहीं अचेत हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त उनकी मौत हो गई।
अब बड़ा सवाल : मंत्री के इलाके में ही जानलेवा हालात!
यह हादसा पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के गृहजनपद में हुआ, जो आवारा पशु नियंत्रण की जिम्मेदारी भी संभालते हैं। इसके बाद जनता सवाल कर रही है, जब मंत्री का जिला ही असुरक्षित है, तो प्रदेश के दूसरे हिस्सों का क्या हाल होगा?। मगर, आवारा पशु साइलेंट किलर बन चुके हैं। परिवार में कोहराम मच गया है। उनका बेटा MBBS कर रहा है। ब्रजपाल गंगवार के चार बच्चों में से तीन की शादी हो चुकी थी। सबसे छोटा बेटा अमित, जो आगरा में MBBS कर रहा है, हादसे की खबर मिलते ही गांव पहुंचा। घर में मातम पसरा है, मोहल्ला सन्नाटे में है, और हर ओर सिर्फ यही सवाल गूंज रहा है:“आख़िर किसकी जवाबदेही है ये मौत?”
विधायक डॉ. एमपी आर्य ने जताया शोक
भाजपा विधायक ने शोक जताते हुए मीडिया से कहा कि “ब्रजपाल मेरे परिवार जैसे थे। अब यह समस्या प्रशासन को नज़रअंदाज़ नहीं करने दी जाएगी।”लेकिन जनता इस बयान से संतुष्ट नहीं। लोगों का कहना है कि “शोक” नहीं, “एक्शन” चाहिए। हर नगर पालिका को फंड दिया गया है, गौशालाएं बनाई जा रही हैं, टीमें गठित हैं।
