बरेली : किसानों की पहचान सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से चल रही फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया को गति देने के लिए जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की अब तक की प्रगति, रैंकिंग में सुधार और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
तहसीलवार प्रगति की समीक्षा

उप निदेशक कृषि द्वारा बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में फार्मर रजिस्ट्री कार्य निम्न प्रकार से प्रगति पर है। इसमें मीरगंज तहसील में 2785 किसान पंजीकृत, आंवला तहसील में 2512, बहेड़ी तहसील में 2502, सदर तहसील में 2090 थे। मगर, फरीदपुर तहसील की प्रगति धीमी होने के कारण गांव पोर्टल पर डाटा शो नहीं हुआ।
रैंकिंग में सुधार, लक्ष्य अब टॉप 15 में

बैठक में जानकारी दी गई कि बरेली की फार्मर रजिस्ट्री रैंकिंग में पिछले माह 30वीं रैंक थी, जो अब 23वें स्थान पर पहुँच चुकी है। प्रतिदिन 1500 से 2000 किसानों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने संतोष जताते हुए कहा कि “अब हमारा लक्ष्य है कि रैंकिंग को शीर्ष 15 में लाया जाए।” इसके लिए सभी विभागीय अधिकारियों को तालमेल बनाकर टीम भावना से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों की होगी महत्वपूर्ण भूमिका
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पंचायत सहायकों और रोजगार सेवकों की मदद से इस अभियान को गांव स्तर तक सक्रिय किया जाए। उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर समयबद्ध कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, खण्ड विकास अधिकारियों को भी सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ला, समस्त उप जिलाधिकारी, उप निदेशक कृषि समेत अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
![]()
