बरेली : यूपी के बरेली जिले में यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एसएसपी अनुराग आर्य की पहल सराहनीय कदम साबित हो रही है। मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को टैम्परेचर कंट्रोल स्मार्ट हेड गियर और स्पीड रडार युक्त इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें सौंपीं। यह पहल पुलिसकर्मियों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ तेज रफ्तार वाहनों पर भी अंकुश लगाएगी।
गर्मी में राहत देगा स्मार्ट हेड गियर

गर्मी के मौसम में सड़क पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह नया हेड गियर सुरक्षा और स्वास्थ्य दोनों की गारंटी लेकर आया है। टैम्परेचर कंट्रोल तकनीक से युक्त यह उपकरण सिर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ शरीर का तापमान संतुलित रखता है। इससे हीट स्ट्रोक, थकान और चक्कर जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचाव होगा। यह विशेषताएं उन्हें लंबी ड्यूटी के दौरान अधिक सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखेंगी।
स्पीड रडार से लैस इंटरसेप्टर बाइक

कार्यक्रम में एसएसपी अनुराग आर्य ने चार इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये बाइक अत्याधुनिक स्पीड रडार सिस्टम से सुसज्जित हैं, जो तेज गति से दौड़ते वाहनों की पहचान करके त्वरित कार्रवाई करने में सक्षम हैं। इससे ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में यह एक कारगर हथियार साबित होगा।
एसपी ट्रैफिक ने दी तकनीकी जानकारी

एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल ने इस अवसर पर उपस्थित पुलिस कर्मियों और अधिकारियों को इन तकनीकी उपकरणों की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे यह दोनों संसाधन बरेली की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और कुशल बनाएंगे।
पुलिसकर्मियों ने जताया आभार
नई तकनीकी सुविधा मिलने से पुलिस बल में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई पुलिसकर्मियों ने इस कदम को उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने एसएसपी और ट्रैफिक विभाग का आभार व्यक्त किया। बरेली पुलिस की यह हाईटेक पहल राज्य के अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्त्रोत बन गया है।
![]()
