बरेली : यूपी के बरेली जिले में वाहन फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। थाना हाफिजगंज पुलिस ने एक शातिर वसूली एजेंट को गिरफ्तार किया है जो दो ब्रेजा गाड़ियों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर लगाकर चोरी की गाड़ियों का संचालन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से दो विटारा ब्रेजा कारें बरामद की हैं, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
मुखबिर की सूचना से हुआ बड़ा खुलासा
30 जून की रात पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की गाड़ी लेकर लभेड़ा गांव के पास नहर की ओर जा रहा है। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने सफेद रंग की ब्रेजा कार को रोका, जिसका चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोबीन खान पुत्र तोफीक खान, निवासी मुलापुर (थाना हाफिजगंज, बरेली) के रूप में हुई। आरोपी ने अपने दस्तावेजों में झूठा पता बिजनौर जिले के मोहल्ला सराई रफी का दर्शाया था।
दोनों गाड़ियों पर एक ही फर्जी नंबर
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों गाड़ियों पर UP14CY4203 नंबर प्लेट लगी हुई थी, जब पुलिस ने चेसिस नंबर (MA3NYFB1SHE230765) और इंजन नंबर (D13A5438752) की जांच की, तो पाया कि ये विवरण नंबर प्लेट से मेल नहीं खाते। आरोपी ने बताया कि वह गोरखपुर निवासी अरुण कुमार गुप्ता की असली गाड़ी के दस्तावेजों की कॉपी का इस्तेमाल कर रहा था। जब अरुण कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी सुरक्षित उनके पास है। इससे पुष्टि हुई कि फर्जी दस्तावेज तैयार करवाकर यह खेल किया गया।
खेत से मिली दूसरी चोरी की ब्रेजा
मोबीन की निशानदेही पर पुलिस ने उसके खेत से दूसरी ब्रेजा कार भी बरामद कर ली। पूछताछ में पता चला कि यह फर्जीवाड़ा बिजनौर निवासी नसीम अहमद पुत्र अब्दुल गफार के साथ मिलकर किया गया था। मोबीन असली गाड़ी बरेली में और फर्जी कागज़ों वाली गाड़ी बिजनौर में चलाता था।
फॉरेंसिक जांच जारी, साथी आरोपी फरार
पुलिस ने मोबीन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 303(2), 317(2), 317(5), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथी आरोपी नसीम अहमद की गिरफ्तारी के लिए बिजनौर में छापेमारी की जा रही है।फॉरेंसिक टीम ने गाड़ियों की नंबर प्लेट, चेसिस नंबर और इंजन नंबर की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
