भदोही/लखनऊ: यूपी के भदोही जनपद से एक रौंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। बुधवार को सुरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम वारी में एक युवक ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद युवक ने खुद को मारने के लिए सिंदूर पी लिया। समय पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अस्पताल पहुंचाया जहां उसका इलाज जारी है।
आत्महत्या की कोशिश में पिया सिंदूर
आरोपी युवक रोहित बिंद पुत्र रामजीयावन बिंद, निवासी ग्राम वारी (थाना सुरियावां) का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने गुस्से में आकर चाकू से उसकी गर्दन काट दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद रोहित ने आत्महत्या की नीयत से सिंदूर (Vermilion) पी लिया। उसकी हालत बिगड़ते देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
फॉरेंसिक टीम ने लिए सैंपल
इस घटना की जानकारी मिलते ही सुरियावां पुलिस, फॉरेंसिक टीम और उपजिलाधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतका का शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरवाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आरोपी को इलाज हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस हिरासत में लिया गया है।
क्या बोले एसपी भदोही अभिमन्यु मांगलिक?
भदोही के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है। परिवार की तहरीर के आधार पर हत्या और आत्महत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल पर सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच जारी है।
परिवार की तहरीर पर FIR दर्ज
मृतका के भाई, जो कि मिर्जापुर जनपद के चिल्ह थाना क्षेत्र के चंदेल डडिया गांव के निवासी हैं, की ओर से दी गई तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस जांच में हत्या का कारण आपसी मनमुटाव बताया जा रहा है।
