सपा प्रमुख ने एनकाउंटर पर उठाए सवाल, जाति विशेष को टारगेट करने का आरोप
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा न केवल किसानों और मजदूरों का शोषण कर रही है, बल्कि वह अब सरकारी सम्पत्तियाँ बेचने में भी लगी हुई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों की ज़मीन और उनके अधिकार छीनने पर तुली है और देश की संपत्तियों को बेचने वाली सरकार बन गई है।
जेपीएनआईसी को बेचने की कोशिश, सपा ने जताई खरीदने की इच्छा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अब जेपीएनआईसी (जेपी नेशनल इंटरनेशनल सेंटर) को भी बेचना चाहती है, जो समाजवादियों के लिए भावनात्मक और वैचारिक रूप से जुड़ा स्थान है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इसे बेचना ही चाहती है तो समाजवादी पार्टी इसे खरीदने को तैयार है। “हम देशभर के समाजवादियों से सहयोग लेंगे और सरकार से अपील करते हैं कि वह इसकी बिक्री की प्रक्रिया सार्वजनिक रूप से तय करे,” उन्होंने कहा।
मजदूरों के बिना देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती
समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने मजदूरों की दशा पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा, “सरकार भले ही अर्थव्यवस्था को दुनिया में तीसरे या चौथे स्थान पर पहुंचा देने का दावा कर रही है, लेकिन मजदूरों की सुविधाओं और उनके सम्मान पर कोई बात नहीं होती।” उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी मजदूर सभा (एसएमएस) अब मजदूरों की समस्याएं पार्टी तक लाने और उनके लिए संघर्ष करने का कार्यभार संभालेगी। एक राजनीतिक कैलेंडर तैयार कर कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
एनकाउंटर पर उठाए सवाल, जाति विशेष को टारगेट करने का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए एक कथित एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा, “जब असली नाम पता ही नहीं है, तो एनकाउंटर फेक नहीं तो क्या है?” उन्होंने आरोप लगाया कि एनकाउंटर में जानबूझकर ‘अमन यादव’ नाम चलवाया गया ताकि एक जाति विशेष को बदनाम किया जा सके। सपा ने मांग की है कि इस फर्जी नाम को चलवाने वाले अधिकारी को तत्काल निलंबित किया जाए।
राजा भैया पर अब तक का सबसे बड़ा हमला, बिना नाम लिए साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ के कुंडा क्षेत्र के विधायक राजा भैया पर भी अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोला। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार द्वारा जो फैसले लिए गए थे। उन्हें बदलना उनकी गलती थी। उन्होंने माना कि उन्हें राजा भैया के खिलाफ लिए गए फैसलों को बदलना नहीं चाहिए था। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि उनके प्रत्याशी के खिलाफ कुर्की और मुकदमे केवल डराने के लिए कराए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि “एफआईआर लिखवाने वाले घबराए हुए लोग हैं और वे चुनाव हारेंगे।”
किसानों को मिलना चाहिए मार्केट वैल्यू से मुआवजा
सपा प्रमुख ने ज़मीन अधिग्रहण को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी ज़मीन का मुआवजा बाजार मूल्य (Market Value) के हिसाब से मिलना चाहिए और किसी भी तरह का दबाव डालकर हस्ताक्षर नहीं कराए जाने चाहिए।
