बरेली : यूपी के बरेली में स्थित जनता इंग्लिश इंटर कॉलेज में मंगलवार को एक प्रेरणादायक और मार्गदर्शक करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए सही दिशा देना और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करना था। यह सेमिनार देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के सहयोग से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ करियर काउंसलर विवेक यादव ने किया, जो अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने मेडिकल (NEET), इंजीनियरिंग (JEE), और ओलंपियाड्स जैसी प्रमुख प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही रणनीति, समय प्रबंधन और मनोबल बनाए रखने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
यह था सेमिनार का उद्देश्य
स्मार्ट स्टडी तकनीकें और ध्यान केंद्रित अध्ययन के तरीके, समय प्रबंधन और एक प्रभावी दिनचर्या का निर्माण, करियर विकल्पों का चयन करने में रुचियों और क्षमताओं की पहचान, असफलताओं से सीखने और प्रेरणा बनाए रखने की मानसिकता, आत्ममूल्यांकन और निरंतर सुधार की प्रक्रिया आदि पर चर्चा हुई है। सेमिनार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और इसे एक ज्ञानवर्धक और जीवनदायिनी अनुभव बताया। छात्र-छात्राओं ने कहा कि इस सत्र से उन्हें अपनी क्षमताओं और भविष्य की दिशा को लेकर स्पष्टता मिली है। कई विद्यार्थियों ने मेडिकल और इंजीनियरिंग क्षेत्र को अपनाने का संकल्प भी लिया। विद्यालय के संस्थापक हाजी मो. इकबाल, प्रबंधक निदेशक काशिफ रज़ा, प्रधानाचार्या जैनब, और शिक्षकगण दीपशिखा सिंह, जैनब खान, शिवम कुमार, सोहित पाठक, अरहम खान आदि ने आकाश इंस्टीट्यूट का इस सार्थक प्रयास के लिए हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को दिशा देने हेतु इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
शिक्षा के साथ भविष्य निर्माण का केंद्र
जनता इंग्लिश इंटर कॉलेज न केवल शैक्षणिक गुणवत्ता प्रदान करता है, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास और करियर निर्माण की दिशा में भी निरंतर प्रयासरत है। यह सेमिनार इस बात का प्रमाण है कि संस्थान केवल परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं, बल्कि एक मजबूत और सफल भविष्य की नींव रखता है।
![]()
