लखनऊ/मुजफ्फरनगर : यूपी के मुजफ्फरनगर में किसान नेता राकेश टिकैत के साथ शुक्रवार को जन आक्रोश यात्रा के दौरान हुए दुर्व्यवहार ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। शनिवार को मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान में भाकियू की विशाल पंचायत बुलाई गई। इसमें किसान संगठनों के साथ सपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेता भी शामिल हुए। यह पंचायत पाकिस्तान समर्थित पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आयोजित जन आक्रोश यात्रा के दौरान राकेश टिकैत के साथ हुई हूटिंग, धक्कामुक्की और पगड़ी गिराने की घटना के बाद बुलाई गई। रैली के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के बाद भाकियू कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने टिकैत को वहां से सुरक्षित निकाला, लेकिन किसान संगठनों ने इसे सम्मान का अपमान बताया।
इकरा हसन का तीखा बयान, “हमलावर आतंकी से कम नहीं”
पंचायत में पहुंचीं सपा सांसद इकरा हसन ने मंच से तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि “जो लोग राकेश टिकैत जैसे किसान नेता पर हमला करते हैं। वे भी आतंकवादियों से कम नहीं हैं। उन्होंने हमेशा किसानों, मजलूमों और आम लोगों की लड़ाई लड़ी है। उन्हें निशाना बनाना पूरे किसान आंदोलन का अपमान है।”उन्होंने कहा कि पूरे देश में आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा है, लेकिन टिकैत जैसे नेता को अपमानित करना सीधे तौर पर लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने की कोशिश है।
नरेश टिकैत का जवाब: “किसानों की आवाज़ दबने नहीं देंगे”
भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने भी तीखा जवाब देते हुए कहा कि यह हमला राकेश टिकैत पर नहीं, पूरे किसान समाज और उसके आत्मसम्मान पर है। उन्होंने कहा कि “किसान अब चुप नहीं बैठेगा। यह पंचायत एक चेतावनी है, जो भी किसान को अपमानित करेगा, उसे जवाब जरूर मिलेगा।”
गर्मी में बिगड़ी राकेश टिकैत की तबीयत, नहीं गए अस्पताल
जीआईसी मैदान में तेज धूप और भीड़ के कारण राकेश टिकैत की तबीयत हल्की बिगड़ गई। उन्हें तुरंत एंबुलेंस मंगवाकर अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन टिकैत ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया। पंचायत समापन के बाद वह समर्थकों के साथ टाउन हॉल की ओर रवाना हो गए।
विपक्षी दलों की एकजुटता
सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि “यह पगड़ी सिर्फ राकेश टिकैत की नहीं, यह किसानों की, भाईचारे की पगड़ी है। अपमान करने वाले अब लकीर खींच लें, मुकाबला होगा।”कांग्रेस विधायक राजपाल बालियान ने भी सरकार से आतंकवाद और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई जारी
इस मामले में एक व्यक्ति हिरासत में लिया गया है। भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
