लखनऊ/ हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के थाना पिहानी क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां सिर्फ पुलिस महकमे की छवि को ठेस ही नहीं पहुंचाई गई, बल्कि समाज में वर्दीधारियों के आचरण पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह मामला दो आरक्षियों द्वारा एक गरीब फल विक्रेता से जबरदस्ती मुफ्त में खरबूजे खाने को लेकर है। जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो आम जनता में आक्रोश फैल गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों आरक्षी बिना भुगतान किए दुकानदार से खरबूजे लेकर जा रहे हैं और दुकानदार कुछ कहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा।
एसपी ने की सख्त कार्रवाई, तत्काल निलंबन और एफआईआर का आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही हरदोई पुलिस अधीक्षक ने तुरंत आरक्षी अनुज कुमार और आरक्षी अंकित कुमार को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही इस कृत्य को लोकसेवक की गरिमा के खिलाफ मानकर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
जानें क्या बोले एसपी
एसपी ने मीडिया को बताया कि, “पुलिसकर्मियों से जनता को सुरक्षा और सहयोग की अपेक्षा होती है, न कि शोषण की। कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषी को उसके कर्मों की सजा जरूर मिलेगी।”
“खरबूजा मुफ्त में खाया, अब पूरी जिंदगी चुकानी पड़ेगी कीमत”
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोगों ने व्यंग्यपूर्ण अंदाज़ में लिखा, “अब इन दोनों आरक्षियों का जितना नुकसान होगा उतने के खरबूजे ये पूरी जिंदगी नहीं खा पाएंगे।” इस वाक्य ने घटना को प्रतीकात्मक रूप से और भी चर्चित बना दिया है।
