मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर/बरेली : यूपी के शाहजहांपुर जिले के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के फीलनगर के पास लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। कार और बाइक की मामूली टकराव के बाद बहस कर रहे सात लोगों को एक तेज रफ्तार टैंकर ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतकों में दो बाराबंकी और एक रामपुर जिले के निवासी हैं।
रामपुर और बाराबंकी के मृतक
इस हादसे में मृतक रामपुर और बाराबंकी जिलों के हैं। हादसे के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में योगेश कुमार कुरील (55 वर्ष) निवासी विकास नगर, थाना कोतवाली, जनपद बाराबंकी, विवेक मिश्रा (35 वर्ष) निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कोतवाली, बाराबंकी और बाइक सवार मुबसर अली (40 वर्ष) निवासी रतनपुरा सोमाली, थाना अजीबनगर, जनपद रामपुर के रूप में शिनाख्त हुई है। इसके साथ ही नरेंद्र चौधरी निवासी लखपड़ाबाद, कोतवाली, महेश निवासी नाका, थाना कोतवाली, शिवकुमार थाना जैदपुर, जिला बाराबंकी, जुनैद निवासी रतनपुरा सोमाली, थाना अजीबनगर, रामपुर आदि को सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानें कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार एक कार में सवार छह लोग नैनीताल यात्रा पर जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार एक बाइक से हल्की टकरा गई। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और सभी लोग सड़क किनारे खड़े होकर बात कर रहे थे। उसी दौरान एक तेज़ रफ्तार टैंकर ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस ने कार, बाइक और टैंकर को जब्त कर लिया है। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है और टैंकर चालक की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इसके साथ ही CCTV फुटेज और चश्मदीद गवाहों के बयान एकत्र किए जा रहे हैं।
एक चूक, सात ज़िंदगियाँ, सवाल सड़क सुरक्षा पर
यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि हाईवे पर एक पल की लापरवाही कैसे जीवन को खत्म कर सकती है। यह दुर्घटना ट्रैफिक नियमों, ड्राइविंग स्पीड और सड़क किनारे खड़े होने के खतरों पर गंभीर सवाल उठाती है।
