बरेली : एक हृदय विदारक घटना ने मंगलवार को बरेली शहर को स्तब्ध कर दिया। जीआरपी बरेली जंक्शन में तैनात हेड कांस्टेबल विनीत कुमार का क्षत-विक्षत शव सुभाषनगर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिला। उनका सिर धड़ से अलग था। जिससे प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रही है, लेकिन पुलिस ने हत्या या दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया है। मौके पर पहुंचकर एसएसपी अनुराग आर्य, सीओ जीआरपी ए.के. सिंह और इंस्पेक्टर परवेज खान ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।
ड्यूटी पर था हेड कांस्टेबल, शव के पास मिला बैग और सरकारी पिस्टल

बरेली एसएसपी टीम के साथ घटना का मुआयना करते हुए
जानकारी के मुताबिक मृतक विनीत कुमार बरेली जंक्शन जीआरपी थाने में दिसंबर 2024 से तैनात थे और सोमवार रात उनकी ड्यूटी बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन में थी। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे, एक ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को हेड कांस्टेबल विनीत की लाश वर्दी में मिली। कमर में सरकारी पिस्टल, जेब में मोबाइल फोन व पर्स, और पास में उनका ड्यूटी बैग मिला। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन एक्सीडेंट में मौत हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से आएगी सच्चाई सामने
इंस्पेक्टर परवेज खान ने मीडिया को बताया कि, “फिलहाल ट्रेन हादसे की आशंका है लेकिन हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।” मौके पर फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन भी किया गया है।
परिवार को दी गई सूचना, हाथरस पुलिस लाइन में रहता है परिवार
मृतक हेड कांस्टेबल विनीत कुमार मूल रूप से फर्रुखाबाद जनपद के निवासी थे। वर्तमान में उनका परिवार हाथरस पुलिस लाइन में रहता है। परिवार में पत्नी नेहा, 11 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी हैं। परिवार को सूचना दे दी गई है। वह लोग बरेली को रवाना हो गए हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य और काम के दबाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक कर्मठ सिपाही जो ट्रेन ड्यूटी पर तैनात था, उसका यूं अचानक जाना, केवल एक पारिवारिक शोक नहीं बल्कि पुलिस महकमे के लिए भी आत्ममंथन का क्षण है।
जानें क्या बोले सीओ सेकेंड
सीओ सेकेंड अजय कुमार ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर बताया कि “सुबह करीब 4 बजे ट्रेन ड्राइवर द्वारा सूचना दी गई कि सुभाषनगर थाना क्षेत्र के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन रनओवर की स्थिति है। मृतक हेड कांस्टेबल विनीत कुमार की वर्दी में लाश मिली। कमर में सरकारी पिस्टल, जेब में मोबाइल व पर्स, और बैग मिला। सभी सामान सुरक्षित रूप से दाखिल किया जा रहा है। परिवार को सूचित किया गया है और मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।”
![]()
