परिजन और पुलिस खेतों में कर रहे तलाश, मानसिक तनाव में परिवार
बरेली : यूपी के बरेली देहात की कोतवाली देवरनियां क्षेत्र के कस्बा रिछा में एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। चार जून की शाम से लापता युवक की अब तक कोई खबर नहीं मिल सकी है। जिससे परिवार में बेचैनी और इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस और परिजन लगातार युवक की तलाश में जुटे हैं, लेकिन शुक्रवार देर शाम तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
खेत में मिली बाइक और चप्पलें, बढ़ी अनहोनी की आशंका
रिछा चौकी क्षेत्र के सिंधौरा गांव के पास एक खेत में लापता युवक की बाइक और चप्पलें मिलने से परिजनों की चिंता गहराती जा रही है। यह स्थान रिछा-जहानाबाद रोड के किनारे, रिछा पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित है। खेत में युवक की निजी वस्तुएं मिलने के बाद से अनहोनी की आशंका को बल मिल रहा है।
बसीम अहमद चार जून से लापता
जानकारी के अनुसार रिछा कस्बे के वार्ड संख्या 9, नई बस्ती निवासी अब्दुल रूफ का बड़ा बेटा बसीम अहमद (उम्र लगभग 28 वर्ष) 4 जून की शाम को खाना खाने के बाद बाइक से निकला था। रात भर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। 5 जून को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके भाई मोहम्मद तौसीफ ने कोतवाली देवरनियां में दर्ज कराई गई।
कामकाजी युवक, पीछे रह गया दो साल का मासूम बेटा
बसीम अहमद स्थानीय राइस मिलों पर बोरियों की सिलाई का काम करता था। उसकी शादी हो चुकी है और उसका एक दो साल का बेटा है। बसीम आठ भाई-बहनों में सबसे बड़ा है। परिवार में चार भाई और चार बहनें हैं। उसकी जिम्मेदारियों को देखते हुए पूरे परिवार में मानसिक तनाव है।
पुलिस की खोजबीन जारी, परिजन खुद भी कर रहे तलाश
5 जून को जब परिजन सिंधौरा गांव के पास पहुंचे, तो उन्होंने खेत में बाइक और चप्पलें देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया। रिछा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की, लेकिन युवक का अब तक कोई अता-पता नहीं लग पाया है। 6 जून शुक्रवार को भी पुलिस और परिजनों ने आसपास के खेतों, नहरों और संभावित ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया गया, परंतु अब तक कोई सफलता नहीं मिली।
स्थानीय लोगों में भी भय का माहौल
युवक के लापता होने और खेत में बाइक व चप्पलें मिलने की घटना ने स्थानीय लोगों के बीच भी भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों को डर है कि कहीं यह किसी आपराधिक घटना की आहट तो नहीं।
जानें क्या बोली पुलिस ?
पुलिस ने मीडिया को बताया कि जांच जारी है और सभी संभावित कोणों से तहकीकात की जा रही है। परिजनों से भी लगातार जानकारी ली जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
![]()
