लखीमपुर खीरी/लखनऊ: यूपी के लखीमपुर खीरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्री और भाभी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भीरा थाना क्षेत्र में हुआ जब एक परिवार लखनऊ से इलाज के बाद अपने गांव गुलरिया लौट रहा था। हादसे की तेज़ रफ्तार और टक्कर की तीव्रता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए और कई लोग कार से बाहर फेंक दिए गए।
दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मौत
इस सड़क हादसे में कार चलाने वाले जितेंद्र कुमार उर्फ राजा पटेल (32 वर्ष), उनकी बेटी श्रद्धा पटेल (4 वर्ष), और उनकी भाभी सीमा देवी (32 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक जितेंद्र की पत्नी सुषमा पटेल (30 वर्ष) भतीजा शिवम पटेल (22 वर्ष), हर्षित पटेल (15 वर्ष) घायल हो गए। मगर, छह माह का बेटा मां की गोद से गिराकर चमत्कारिक रूप से बचा। घायलों को पहले ओयल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया और फिर हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
जानें कैसे हुआ हादसा
जितेंद्र अपनी बेटी की उंगली के इलाज के लिए परिवार सहित लखनऊ गए थे। रात को लौटते समय कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकर गई। तेज़ रफ्तार के चलते गाड़ी के अगले हिस्से के टुकड़े-टुकड़े हो गए। पिछली सीट पर बैठे बच्चे दुर्घटना के बाद बाहर गिर गए। घटनास्थल पर मौजूद मोहित नामक व्यक्ति ने परिजनों को कॉल कर दी जानकारी। इसके बाद अंकित वाजपेई एक स्थानीय खाद व्यापारी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को निकालने में मदद की। भीरा थाना पुलिस और एंबुलेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य किया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही जितेंद्र और श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया गया।
गांव में मातम, तीन परिवारों पर टूटा कहर
गुलरिया गांव में यह खबर पहुंचते ही सन्नाटा छा गया। तीन परिवारों पर ऐसा दुख टूट पड़ा जिसकी भरपाई मुश्किल है। तीन बच्चों की मां सीमा देवी की मौत से उनके घर का सहारा उजड़ गया। श्रद्धा की मासूम मुस्कान हमेशा के लिए खामोश हो गई। जितेंद्र, जो इलाज के लिए गए थे, खुद मौत का शिकार बन गए।
