फतेहपुर/लखनऊ : यूपी के फतेहपुर जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। प्रयागराज (इलाहाबाद) की एंटी करप्शन टीम ने बिंदकी तहसील में तैनात लेखपाल सीताराम को 5000 रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल किसान से कृषि भूमि का नक्शा पास कराने के एवज में अवैध धन की मांग कर रहा था।
जानें पूरा मामला
घटना बिंदकी तहसील के करनपुर पधारा क्षेत्र की है। शिकायतकर्ता चंद्रदत्त तिवारी, ग्राम घोरहा निवासी हैं। उन्होंने मीडिया को बताया कि उन्होंने अपने खेत आराजी संख्या 780क और 781 से संबंधित बिक्री आदेश एसडीएम बिंदकी न्यायालय से प्राप्त किया था,जब उन्होंने आदेश के अनुपालन में नक्शा नजरी और हिस्सा फाट के लिए लेखपाल सीताराम से संपर्क किया, तो उसने कार्य के बदले 5000 की रिश्वत की मांग की।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
इस भ्रष्ट मांग से आहत होकर चंद्रदत्त तिवारी ने प्रयागराज भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की। टीम ने शिकायत की पुष्टि कर एक योजनाबद्ध ट्रैप ऑपरेशन चलाया। मंगलवार शाम जैसे ही चंद्रदत्त तिवारी ने तहसील परिसर के कानूनगो कक्ष में 5000 की राशि लेखपाल को सौंपी, टीम ने तत्काल छापा मारकर लेखपाल को रंगे हाथ पकड़ लिया।
वीडियो साक्ष्य और कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी के समय घटनाक्रम का पूरा वीडियो और अन्य पुख्ता साक्ष्य जुटाए गए। आरोपी के खिलाफ थाना कल्यानपुर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और विधिक कार्यवाही जारी है।
तहसील परिसर में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है, तो वहीं आम नागरिकों और किसानों ने इस कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों पर ऐसे ही शिकंजा कसना चाहिए।
