बुलंदशहर/आगरा/लखनऊ: यूपी बुधवार सुबह दो बड़े और दिल दहला देने वाले हादसों से कांप उठा। एक ओर बुलंदशहर में शादी से लौट रहे परिवार की कार पुलिया से टकराकर पलट गई और आग लगने से मासूम समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं आगरा में आम लदी मैक्स गाड़ी पलटने से चार लोगों की जान चली गई। दोनों हादसों में छह लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। मगर, इन हादसों के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
बुलंदशहर हादसा: दो वर्षीय मासूम समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत, नींद की झपकी बना काल
बुलंदशहर के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तेज़ रफ्तार कार पुलिया से टकराकर पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि कार में सवार पांच लोग समेत दो वर्षीय बच्चा जिंदा जल गए। कार में दिल्ली निवासी तनवीर अहमद का परिवार सवार था, जो बदायूं से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। इस हादसे में मोमिना (24 वर्ष), उनके पति जुबैर (30वर्ष), उनका दो साल का बेटा जैनुल, मोमिना का भाई तनवीज अहमद (26 वर्ष) और उनकी पत्नी निदा उर्फ जेवा (23 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहन गुलनाज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण ड्राइवर को नींद आना बताया गया है।
15 जून को आए थे शादी में
यह सभी बदायूं जिले के सहसवान तहसील के चंद्रपुरा गांव से लौट रहे थे। यहां तनवीज का पैतृक घर है। मृतक तनवीज के चाचा अलीम की शादी थी। इसमें शामिल होने 15 जून को आए थे। यह परिवार शादी में शामिल होकर दिल्ली लौट रहा था।
आगरा हादसा: आम लदी मैक्स पलटी, तीन राहगीर और चालक की मौत
बुधवार सुबह ही आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के शाहदरा फ्लाईओवर पर आम से लदी एक मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में सड़क किनारे टहल रहे तीन स्थानीय वृद्ध नागरिक और वाहन चालक की मौके पर मौत हो गई। यह तीनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। इस हादसे में राजेश (65 वर्ष),रामेश्वर (60 वर्ष), हरीबाबू (63 वर्ष) और वाहन चालक कृष्णा की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि गंभीर रूप से घायल गाड़ी का क्लीनर एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती है। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने गुस्से में फ्लाईओवर पर जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया।
एक ही दिन में दो दर्दनाक हादसे, एक दर्जन से ज्यादा परिवारों पर टूटा कहर
बुलंदशहर और आगरा की इन दो त्रासदियों ने शादी की खुशियों और व्यापारिक दिनचर्या को मौत के मातम में बदल दिया। लापरवाही, नींद में गाड़ी चलाना और ओवरलोडिंग जैसी लापरवाहियां लगातार आम लोगों की जान ले रही हैं। मगर, इस हादसे के मृतकों के परिवार में चीख पुकार मच गई है।
