बरेली : यूपी के बरेली जिले में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन के पास एक मोर्टार शेल मिला। घटनास्थल पर तत्काल पुलिस और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। टीम ने सुरक्षा घेरे में लेकर मोर्टार की गहन जांच की और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया। एसएसपी अनुराग आर्य ने मीडिया को बताया कि यह मिस फायर मोर्टार शेल है, जिसे किसी ने संभवतः मिट्टी में दबा दिया था। यह मोर्टार शेल जंग खाया हुआ और निष्क्रिय अवस्था में पाया गया, लेकिन फिर भी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बम स्क्वाड द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई।
एसएसपी अनुराग आर्य
रेलवे संचालन नहीं हुआ प्रभावित
रेलवे लाइन के पास शेल मिलने के बावजूद समय रहते कार्रवाई होने से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा। बम मिलने की खबर से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। पुलिस ने लोगों को आश्वस्त किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इस मामले को पुलिस ने दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
