नई दिल्ली/ लखनऊ : केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को फास्टैग को लेकर एक ऐतिहासिक और सुविधाजनक पहल की घोषणा की है। सरकार अब निजी वाहनों के लिए 3000 रूपये का फास्टैग आधारित वार्षिक पास लाने जा रही है, जो 15 अगस्त 2025 से लागू होगा। यह पास गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों जैसे कार, जीप और वैन के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है और देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध, तेज़ और लागत प्रभावी यात्रा सुनिश्चित करेगा।
क्या है नया वार्षिक पास? गडकरी ने ‘एक्स’ पर दी जानकारी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस योजना की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह पहल देशभर में यात्रा करने वाले लाखों निजी वाहन चालकों के लिए क्रांतिकारी साबित होगी। उन्होंने लिखा “यह वार्षिक पास टोल लेनदेन को सरल बनाएगा, 60 किलोमीटर के भीतर स्थित टोल प्लाजा को लेकर यात्रियों की पुरानी चिंता दूर करेगा और तेज़, सुगम, विवाद-रहित यात्रा अनुभव सुनिश्चित करेगा।”
ऐप और वेबसाइट से करें आवेदन
यह पास NHAI, MoRTH और हाईवे यात्रा ऐप के ज़रिए एक्टिवेट और रिन्यू किया जा सकेगा। इसके लिए एक अलग लिंक जल्द ही उपलब्ध कराया जाएगा।
सरकार का लक्ष्य: टोल सिस्टम को डिजिटल और सहज बनाना
इस नई नीति के ज़रिए सरकार टोल भुगतान के डिजिटल और सुलभ सिस्टम को बढ़ावा देना चाहती है। साथ ही, यह पहल टोल प्लाजाओं पर होने वाले जाम और विवादों को खत्म करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
