जौनपुर / लखनऊ : यूपी के जौनपुर जिले के सुइथाकलां क्षेत्र के जंगीपुर गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से मंदिर में करा दी और खुद भीगी आंखों से दोनों को विदा किया। जौनपुर पुलिस ने The Justice Hindi को बताया कि इस मामले की सूचना नहीं आई है। इसलिए संज्ञान में नहीं है।
2023 में हुई थी अरविंद-रीता की शादी
जंगीपुर के अरविंद बिंद ने वर्ष 2023 में खेतासराय क्षेत्र की रीता से धूमधाम से शादी की थी। शादी के बाद दोनों नोएडा में रहने लगे। वहां अरविंद को पत्नी के व्यवहार पर शक हुआ, जब वह किसी अनजान युवक से फोन पर बात करती नजर आई। रीता ने इसे रिश्तेदार बताया, लेकिन पति का शक और बढ़ता गया।
बीमारी के बहाने मायके, फिर संपर्क टूटा
कुछ समय बाद रीता ने बीमारी का बहाना बनाकर मायके जाने की जिद की और चली गई। इसके बाद धीरे-धीरे पति से बातचीत बंद हो गई। परिवार वालों से जानकारी मिलने पर रीता दोबारा पति के पास लौटी, मगर वह प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी रही।
आखिरकार पति ने कराई पत्नी की प्रेमी से शादी
काफी समझाने-बुझाने और मानसिक संघर्ष के बाद अरविंद ने पत्नी की खुशी को तरजीह दी। उसने रीता को साथ लेकर नोएडा से सरायमोहिउद्दीनपुर के दुर्गा मंदिर आया और वहीं रीता की शादी उसके प्रेमी से करवा दी। इस मौके पर अरविंद की आंखों में आंसू थे लेकिन उसने मुस्कुराते हुए दोनों को आशीर्वाद देकर विदा किया।
