दिल्ली / लखनऊ | एजेंसी रिपोर्ट :सात महीने पहले ली गई एक तस्वीर एक बार फिर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। यह तस्वीर लोगों को हैरान भी कर रही है और प्रेरित भी। इसमें दुनिया की सबसे लंबी और सबसे छोटी महिला साथ दिखाई दे रही हैं। एक फ्रेम में इतिहास कैद हो गया है।
कौन हैं ये दो महिलाएं?
इसमें बाईं ओर तुर्की की रुमेसा गेलगी, जिनकी लंबाई है 215.16 सेमी (7 फीट 0.7 इंच)। वे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया की सबसे लंबी जीवित महिला के तौर पर दर्ज हैं। दाईं ओर भारत की ज्योति किशनजी आमगे, जिनकी लंबाई है सिर्फ 63 सेमी। वे भी गिनीज रिकॉर्ड में दुनिया की सबसे छोटी जीवित महिला हैं।
कहां और कब ली गई तस्वीर?
यह तस्वीर 20 नवंबर को लंदन के प्रसिद्ध टावर ब्रिज के पास ली गई थी। उस समय इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने विशेष फोटोशूट के लिए आयोजित किया था। अब 7 महीने बाद एक विदेशी मैगजीन ने इसे “मानव विविधता की खूबसूरती” बताते हुए अपने कवर पेज पर जगह दी। इसके बाद यह फिर चर्चा में है।
ज्योति आमगे की प्रेरणादायक कहानी
नागपुर की रहने वाली ज्योति आमगे का जन्म 16 दिसंबर 1993 को हुआ था। वे एकॉन्ड्रोप्लेसिया नामक जेनेटिक स्थिति से ग्रसित हैं। जिससे शरीर का विकास अवरुद्ध हो जाता है। 2011 में, अपने 18वें जन्मदिन पर उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड द्वारा “दुनिया की सबसे छोटी महिला” का खिताब मिला। इससे पहले, वे 2009 में दुनिया की सबसे छोटी किशोरी भी घोषित हो चुकी थीं। ज्योति कहती हैं “मैं बहुत खुश हूं कि मुझे दुनिया की सबसे छोटी महिला होने का खिताब मिला और अलग-अलग देशों में घूमने का मौका भी।”
