SUDA के प्रोजेक्ट मैनेजर सुधाकांत मिश्र ने पंखे से लटककर दी जान, सुसाइड नोट नहीं मिला
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मंगला प्रसाद के बेटे और SUDA (स्टेट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी) में कार्यरत प्रोजेक्ट मैनेजर सुधाकांत मिश्र (59 वर्ष) ने आत्महत्या कर ली। वह बीते 15 वर्षों से गंभीर डिप्रेशन से जूझ रहे थे। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
परिवार में मातम, तीन माह में होने वाली थी रिटायरमेंट
इंदिरा नगर बी-ब्लॉक निवासी सुधाकांत मिश्र शनिवार देर रात घर में फंदे से लटके मिले। घटना के वक्त घर में उनकी पत्नी इंदिरा मौजूद थीं जबकि बेटा कार्तिकेय अस्पताल में अपनी सास से मिलने गया था। लौटने पर जब कार्तिकेय ने पिता के कमरे का दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो खिड़की से झांककर देखा, जहां उनका शव पंखे से लटकता मिला। दरवाजा तोड़कर उन्हें नीचे उतारा गया और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पहले भी कर चुके थे आत्महत्या की कोशिश
गाजीपुर थाने के इंस्पेक्टर विकास राय के अनुसार, सुधाकांत मिश्र पूर्व में भी चार बार आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे, लेकिन हर बार समय रहते बचा लिए गए थे। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस आवश्यक जांच में जुटी है।
मानसिक स्वास्थ्य पर फिर उठे सवाल
यह घटना एक बार फिर मानसिक स्वास्थ्य और अवसाद जैसी गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान खींचती है। लंबे समय तक चलने वाला डिप्रेशन कितना घातक हो सकता है, इसका यह दर्दनाक उदाहरण है।
![]()
