जयमाल के दौरान शुरू हुआ विवाद, लाठी-डंडों और तमंचे की बट से हुआ हमला
गाजीपुर/लखनऊ : यूपी के गाजीपुर जिले के जगदीशपुर गांव में एक शादी की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। डीजे पर गाना बजाने को लेकर घरातियों और बारातियों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि दूल्हे राकेश राम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में दूल्हे के पिता भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जयमाल के दौरान बिगड़ा माहौल, दूल्हा बना निशाना
श्रीमान क्षेत्राधिकारी जमानियां महोदय की बाइट।
बताया जाता है कि जयमाल समारोह के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जब राकेश के पिता पर हमला हुआ, तो दूल्हा उन्हें बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा। इसी दौरान गांव के ही पप्पू नामक युवक ने तमंचे की बट से राकेश के सिर पर वार किया। इसके बाद भीड़ ने लाठी-डंडों से राकेश को बेरहमी से पीटा।
दुल्हन की चीख-पुकार, चुनरी से पोंछा खून
दुल्हन राजकुमारी स्टेज से दौड़कर आई और हमलावरों से भिड़ने की कोशिश की। उसने एक लाठी छीनने की कोशिश की और खून से सने दूल्हे के सिर को अपनी चुनरी से पोंछा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पिता की हालत नाजुक
घायल राकेश और उनके पिता को पहले जिला अस्पताल फिर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहाँ इलाज के दौरान राकेश की मौत हो गई। उनके पिता की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
“शादी के लिए लिया कर्ज, अब सब खत्म”:दुल्हन के पिता
दुल्हन के पिता राजेंद्र का कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी के लिए खेत गिरवी रखा और भैंस बेची, लेकिन अब सब कुछ बर्बाद हो गया। शादी अधूरी रह गई और दूल्हा भी नहीं रहा।
एक आरोपी गिरफ्तार, 7 नामजद
पुलिस ने आरोपी विशाल राम को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। रेवतीपुर थाने में विनोद राम, प्रदीप, मोनू, पप्पू, बाघा, सकलू और विपिन के खिलाफ हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
![]()
