बोले, मक्का सूख रही, बिजली नहीं, खरीद में भ्रष्टाचार और झूठ पर टिकी है सरकार
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “किसानों की कमर तोड़ दी गई है। सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है।” लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा तो किया, लेकिन हकीकत नहीं बन सका। किसान बदहाल हो चुका है।
बिजली और पानी के बिना सूख रही मक्का, बर्बाद हो रही फसलें
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली संकट गहराया हुआ है। किसान मक्का और अन्य फसलों के लिए जरूरी पानी नहीं जुटा पा रहे हैं। खेतों में फूलों की खेती तक सूख रही है। सरकार सिर्फ कागजों में काम कर रही है, जबकि जमीन पर हालात बदतर होते जा रहे हैं।
फसलों को रौंद रहे छुट्टा जानवर, मंडियों का काम ठप
उन्होंने कहा कि छुट्टा और जंगली जानवर किसानों की फसलें बर्बाद कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरकार मंडियों के निर्माण को ठप कर चुकी है, जो समाजवादी सरकार के समय शुरू हुए थे। बिचौलियों और उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए फसलों की खरीद का सरकारी तंत्र ध्वस्त कर दिया गया है।
फसल खरीद में भ्रष्टाचार का आरोप, गेहूं-धान खरीद में भारी घोटाले
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि धान और गेहूं की सरकारी खरीद में भाजपा के लोगों ने भारी भ्रष्टाचार किया है। सरकारी योजनाएं लूट और बंदरबांट का अड्डा बन गई हैं। किसान खरीद केंद्रों पर परेशान हैं, लेकिन सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है।
2027 में भाजपा को हटाने के लिए किसान-नौजवान होंगे एकजुट
एसपी चीफ ने चेतावनी दी कि किसान और नौजवान अब सब समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को झूठ और छल की राजनीति का करारा जवाब देगी।
![]()
