लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इलाज नहीं, बल्कि दुर्व्यवहार और अव्यवस्था मिल रही है। सरकार और स्वास्थ्य मंत्री अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़कर जनता को भगवान भरोसे छोड़ चुके हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग गंभीर भ्रष्टाचार में डूबा है। मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है, लेकिन अस्पतालों में कहीं दवा नहीं है, कहीं डॉक्टर नहीं हैं, तो कहीं स्ट्रेचर और बेड तक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री खुद मरीजों की चिंता छोड़कर अन्य कामों में व्यस्त हैं।
कन्नौज की बेटी के लिए न्याय मांगना पड़ा भारी
यूपी के कन्नौज के छिबरामऊ में एक निजी अस्पताल की लापरवाही से रूचि गुप्ता नामक युवती की मौत का मामला उठाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जब जनता ने न्याय की मांग की, तो सरकार ने लाठीचार्ज करके आवाज दबाने की कोशिश की। उन्होंने भाजपा के पूर्व सांसद और एक पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।
सरकारी मेडिकल कॉलेज केवल इमारतें बनकर रह गए
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में जौनपुर, आजमगढ़, जालौन, कन्नौज आदि जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाए और लखनऊ में कैंसर संस्थान की स्थापना की, लेकिन भाजपा सरकार ने उन पर कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के पास पर्याप्त बजट और संसाधन नहीं हैं।
स्वास्थ्य मंत्री सिर्फ बयानवीर, काम में फेल : अखिलेश यादव
चिकित्सा मंत्री को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि वे स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के बजाय कीचड़ उछालने के कार्य में लगे रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता ऐसे बड़बोले मंत्रियों को जवाब देगी।
![]()
