पीलीभीत के बरखेड़ा में दर्दनाक घटना, परिवार में पसरा मातम
बरेली/ पीलीभीत : छोटे-छोटे झगड़े भी कभी-कभी बड़े दर्दनाक हादसों का कारण बन जाते हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला पीलीभीत के बरखेड़ा इलाके से सामने आया है। यहां कॉपी फाड़ने को लेकर भाई से मामूली कहासुनी के बाद आहत होकर कक्षा आठ की छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
छोटी सी बात बनी जानलेवा
परिजनों के अनुसार शनिवार को घर में 10 वर्षीय बेटे आर्यन और 15 वर्षीय बेटी प्रिया के बीच मामूली बात पर कहासुनी हो गई थी। प्रिया ने गुस्से में आकर भाई आर्यन की कॉपी फाड़ दी थी। इससे नाराज होकर आर्यन ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस घटना से आहत होकर प्रिया बेहद दुखी हो गई।बताया गया कि घटना के समय प्रिया की मां पूजा कर रही थीं। इसी बीच मौका पाकर प्रिया ने अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर लिया और साड़ी के सहारे पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली।
दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांका, टूटा मां-बाप का कलेजा
कुछ देर बाद जब मां पूजा समाप्त कर लौटीं और प्रिया को आसपास नहीं पाया, तो उन्होंने कमरे की ओर रुख किया। दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो बेटी का शव फंदे से लटकता नजर आया। यह मंजर देखते ही परिवार के होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई, तुरंत दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल की।
परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को परिवार के सुपुर्द कर दिया। रविवार को किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में कोई संदिग्ध पहलू नजर नहीं आया है और परिजन भी इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण पारिवारिक हादसा बता रहे हैं।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे, लेकिन इस अपूर्णीय क्षति से उबर पाना परिवार के लिए बेहद कठिन हो रहा है।
