बीजेपी की दलित-पिछड़ा विरोधी मानसिकता फिर उजागर, आरक्षण अधिकारों को लेकर सपा नेता का हमला
बरेली : देश की सियासत में जातिवाद का जहर एक बार फिर गहराने लगा है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के खिलाफ खुला षड्यंत्र कर रही है। रविवार को नेहरू युवा केंद्र में आयोजित “कश्यप व्यापारी सम्मेलन” में डॉ. कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार का असली चेहरा अब पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। उन्होंने आगरा में दलित सांसद रामजीमल सुमन के घर पर दिनदहाड़े हमले को सत्ता संरक्षण का परिणाम बताया और कहा कि जब एक दलित सांसद ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता की स्थिति की कल्पना करना भयावह है।
नौकरियों में रोक और अवसरों में कटौती से दलित-पिछड़ा समाज निशाने पर
डॉ. कश्यप ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह संविधान द्वारा प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि “डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जो सामाजिक न्याय और समानता की गारंटी दी थी, उस पर भाजपा सरकार लगातार वार कर रही है।”उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों पर अघोषित रोक लगा दी गई है और भर्तियों को आउटसोर्सिंग और संविदा के जरिए निजी हाथों में सौंपा जा रहा है ताकि दलित और पिछड़े वर्ग के लोग सरकारी तंत्र का हिस्सा न बन पाएं।
अपने हक के लिए करना होगा संघर्ष
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में डॉ. कश्यप ने कहा कि”अगर अब भी दलित-पिछड़ा समाज नहीं जागा, तो आने वाली पीढ़ियों को अपने हक के लिए सड़कों पर संघर्ष करना पड़ेगा। भाजपा सरकार चाहती है कि गरीब और पिछड़ा समाज सिर्फ मजदूरी और छोटे-मोटे कामों तक सीमित रहे।”
व्यापार और स्वरोजगार की ओर बढ़ने का आह्वान
सम्मेलन में डॉ. कश्यप ने कश्यप समाज के लोगों से आह्वान किया कि वह व्यापार और स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि”जब हमें सरकारी नौकरियों से रोका जा रहा है, तब हमें व्यापार, उद्योग और स्वरोजगार को अपनाना होगा।”डॉ. कश्यप ने यह भी ऐलान किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और कश्यप समाज अब नौकरी के साथ-साथ व्यापार के मोर्चे पर भी मजबूती से संघर्ष करेगा ताकि भाजपा सरकार की साजिशें नाकाम की जा सकें। सम्मेलन में कश्यप समाज के कई सम्मानित व्यक्तियों को सम्मानित कर समाज के आर्थिक सशक्तीकरण का संदेश भी दिया गया।
भाजपा सरकार पर संविधान विरोधी नीतियों का आरोप
डॉ. राजपाल कश्यप ने भाजपा सरकार पर संविधान और सामाजिक न्याय की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “जब सत्ता में बैठे लोग संविधान का अपमान कर रहे हों, तो लोकतंत्र और समाज के हर जागरूक नागरिक का कर्तव्य बनता है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब दें।”उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा देती है, लेकिन नीतियां ऐसी बनाती है जो दलितों और पिछड़ों के अधिकारों को छीनने वाली हैं। आगरा की घटना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
आने वाले समय में भाजपा को दिखाएंगे उसकी औकात
डॉ. कश्यप ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दलित और पिछड़ा समाज अब न झुकेगा, न रुकेगा और न ही डरेगा कि “हम गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेंगे और आने वाले समय में भाजपा सरकार को उसकी औकात दिखाएंगे,”उन्होंने हुंकार भरी। डॉ. कश्यप ने कहा कि दलित-पिछड़ा समाज अब अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर निर्णायक संघर्ष करेगा और लोकतंत्र में अपनी ताकत का परिचय देगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप,महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी,कोषाध्यक्ष अशोक यादव आदि मौजूद थे।
