लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। लखनऊ सपा कार्यालय पर रविवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि यह हमला सरकार की सुरक्षा तैयारियों में गंभीर खामी का परिणाम है। बोले, यह इंटेलिजेंस फेलियर है। कौन किसके यहां आया ?। इससे मतलब नहीं, आतंकी कैसे घुस आए। यह बताने की जरूरत है। उन्होंने मांग की कि शहीद हुए सभी लोगों के परिजनों को 10 करोड़ रुपये का मुआवजा और एक-एक सरकारी नौकरी दी जाए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि”देश की सीमाओं और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अगर सरकार ऐसा नहीं कर पा रही है, तो उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आतंकवाद पर कठोर कार्रवाई के वादे करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई इसके उलट है। पहलगाम का हमला इस विफलता का ताजा उदाहरण है। यूपी सरकार के डिप्टी सीएम का बिना नाम लिए बोले, उन्हें दूसरे प्लेनेट पर भेज देना चाहिए।
लखीमपुर खीरी में भ्रष्टाचार का बोझ नहीं सह पाई पानी की टंकी

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले का भी जिक्र किया। बोले, कल सीएम गए थे। उन्हें यह पता होना चाहिए कि वहां हाल ही में एक नई बनी पानी की टंकी का पाइप फट गया। उन्होंने कहा कि यह घटना सरकारी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार की वजह से हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल कर अधिकारियों और ठेकेदारों ने जनता के पैसे की लूट की है। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर टंकी और पाइपलाइन इतनी जल्दी फट सकती है, तो सरकार किस गुणवत्ता नियंत्रण की बात करती है?”
प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में भी करप्शन की आग, शिक्षा के निजीकरण पर उठाए सवाल

प्रयागराज शिक्षा निदेशालय में लगी भीषण आग पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि यह हादसा महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि 5000 फाइल जलने का मतलब है कि भ्रष्टाचार के साथ ही आरक्षण में धांधली है। उन्होंने जानबूझकर रिकॉर्ड नष्ट करने के लिए आग लगाने का आरोप लगाया, ताकि सरकारी स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने की प्रक्रिया को छुपाया जा सके। उन्होंने कहा कि “शिक्षा के क्षेत्र में जो निजीकरण हो रहा है, वह किसी नीति के तहत नहीं, बल्कि सत्ता से जुड़े लोगों के फायदे के लिए किया जा रहा है।”
साबुन और शैम्पू से न नहाने पर विमान नहीं उतारने दिया

प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक चिंताजनक घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुशीनगर एयरपोर्ट पर विमान को इसलिए नहीं उतरने दिया गया। क्योंकि,साबुन और शैम्पू से नहीं नहाकर गया था। बिना नाम लिए तंज कसा कि अब उनसे कोई मिलता है, तो पहले साबुन और शैम्पू से नहलाया जाता है। बोले, “भ्रष्टाचार और निकम्मेपन के चलते आम जनता को हर जगह अपमान और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।”
अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला

अखिलेश यादव ने पूरे प्रेस कांफ्रेंस में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि “चाहे वह सीमा सुरक्षा का मामला हो, विकास कार्यों में भ्रष्टाचार हो या शिक्षा व्यवस्था का निजीकरण, हर जगह सरकार की नाकामी साफ दिखाई दे रही है।”उन्होंने मांग की कि जनता के हितों की रक्षा के लिए तुरंत कड़े कदम उठाए जाएं और घोटालों की स्वतंत्र जांच कराई जाए।
यूपी के पैसे से दूसरे प्रदेशों में इन्वेस्टमेंट
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि यूपी के अधिकारी दूसरों के नाम से फ्लैट खरीद रहे हैं। यहां पर भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यूपी में दूसरे प्रदेशों के अधिकारियों को लाकर जिम्मेदारी दी गई है। वह यहां से भ्रष्टाचार के माध्यम से पैसा एकत्र कर अपने प्रदेशों में इन्वेस्टमेंट कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उत्तराखंड में पकड़ा गया पैसा किसका था, सबको मालूम है उन्होंने कई अधिकारीयों पर बिना नाम लिए तंज कसा।
सपा की यूथ टीम पहुंचाएगी पीडीए का पैगाम
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी यूथ ब्रिगेड और युवजन सभा की मीटिंग ली। बोले, यह बहुत बेहतर काम कर रहे हैं। यह सभी सामाजिक न्याय की लड़ाई के आंदोलन को आगे बढ़ने का कार्य कर रहे हैं संविधान और आरक्षण बचाने के लिए मेहनत के साथ घर घर पीडीए का पैगाम पहुंचाएंगे उन्होंने एक फिल्म पर भी तंज कसा। बोले, बीजेपी जिन फिल्मों को बनवा रही है, उनको देखने के लिए सिनेमा हॉल में लोग नहीं जाते हैं। सीट खाली हैं, लेकिन फिर भी मुनाफा कमाने की बात होती है। एक पार्टी कार्यकर्ता को नया दिलाने की बात कही। बोले, इंस्टीट्यूशन जितनी मजबूत होते हैं, उतना ही बेहतर न्याय मिलता है। पत्रकारों के पोस्ट पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पोस्टर बनाया है, तो हमारी तरफ से भी बनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने जातीय जनगणना की बात कही।
