बरेली : यूपी के बरेली की बहेड़ी कोतवाली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के चक्कर में तीन युवकों को हवालात में बंद होकर रील बनाना महंगा पड़ गया। बहेड़ी क्षेत्र की महिला पुलिस चौकी की हवालात में वीडियो बनाकर वायरल करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गंभीरता से लेकर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम आमडंडा में महिला पुलिस चौकी का निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हुई। इसमें दो युवक हवालात में बंद होकर, तीसरे युवक से वीडियो बनवा रहे हैं। इस वीडियो ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी।
जांच में क्या सामने आया?
पुलिस जांच में सामने आया कि वीडियो बनाने वाले तीनों युवक चौकी परिसर में सफाई कार्य के लिए गए थे। मौके का फायदा उठाकर उन्होंने हवालात में घुसकर रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इस हरकत को पुलिस ने कानूनी उल्लंघन और सरकारी प्रतिष्ठान की गरिमा को ठेस पहुंचाने के तौर पर देखा।
आरोपी किए गिरफ्तार
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें रतनगढ़ गांव निवासी सत्येंद्र, पिंदारी अभयचंद गांव निवासी पवन और जितेंद्र को हिरासत में लिया है। यह तीनों आरोपी थाना बहेड़ी क्षेत्र के हैं। अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बहेड़ी थाना पुलिस के अनुसार, “सरकारी संपत्ति का मजाक उड़ाना और उसका दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है। हम इस तरह की हरकतों को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
