पुलिस की टोपी, फर्जी आईकार्ड और हूटर लगी गाड़ी के साथ घूमता था फर्जी सब-इंस्पेक्टर, विदेश भेजने का झांसा देकर कई लोगों को लगाया चूना
बरेली : यूपी के बरेली जिले में पुलिस ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को पुलिस सब-इंस्पेक्टर बताकर न केवल लोगों पर रौब झाड़ता था, बल्कि विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी भी कर रहा था। आरोपी जितेंद्र सिंह खैरा को फरीदपुर पुलिस ने मंगलवार शाम वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा। जितेंद्र के पास से फर्जी पुलिस आईकार्ड, पुलिस की टोपी, हूटर और लाइट लगी कार, और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं कि वह विदेश भेजने का लालच देकर कम से कम 20 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर फुलवा निवासी जितेंद्र सिंह एक सफेद XUV कार में हूटर और पुलिस लाइट लगाकर घूम रहा था। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और पूछताछ शुरू की। पूछताछ और मोबाइल की जांच में खुलासा हुआ कि जितेंद्र फर्जी सब-इंस्पेक्टर बनकर लोगों को झांसे में लेता था और विदेश भेजने का वादा कर लाखों रुपये ऐंठता था।
पीड़ितों की आपबीती, पैसा भी गया और डॉक्यूमेंट भी
लखीमपुर खीरी के दलबीर सिंह, जो कि मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम ग्रंट नंबर तीन कुकरा निवासी हैं, उन्होंने जितेंद्र के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि जुलाई 2023 में उन्हें और अन्य लोगों को जर्मनी भेजने के नाम पर 15 से 20 लाख रुपये वसूले गए। आरोपी ने उनके और अन्य लोगों के शैक्षणिक और पहचान प्रमाणपत्र भी रख लिए, जो आज तक नहीं लौटाए गए। दलबीर से आरोपी ने 3.54 लाख रुपये एक मोबाइल ऐप के जरिए लिए और पैसे वापस मांगने पर खुद को दरोगा बताकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
छात्रा को दिखाया फर्जी वीजा, मांगे 8 लाख
उत्तराखंड की प्राची सिंह, जो बरेली के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनसे भी शैक्षणिक प्रमाणपत्र ले लिए और होटल बुकिंग के नाम पर 5100 रुपये ठगे, जब प्राची ने जर्मनी जाने के लिए वीजा मांगा, तो आरोपी ने लग्जमबर्ग का फर्जी वीजा थमा दिया और 8 लाख रुपये की मांग की, जब प्राची ने अपने डॉक्यूमेंट वापस मांगे, तो उसे भी जेल भेजने की धमकी दी गई। इस मामले में एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस अधिकारी बनकर खुद को प्रचारित कर रहा था और विदेश भेजने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी कर रहा था। उसके खिलाफ शिकायतें मिल रही हैं और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
अब खुल रहे हैं ठगी के और मामले
पुलिस को उम्मीद है कि जितेंद्र की गिरफ्तारी के बाद और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं। सोशल मीडिया पर खुद को ‘सब-इंस्पेक्टर’ बताने वाला यह शख्स कई महीनों से एक्टिव था। पुलिस आरोपी के मोबाइल और दस्तावेजों की डिजिटल फॉरेंसिक जांच भी करा रही है।
![]()
