बरेली : यूपी के बरेली जिले में रविवार रात तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। खासकर पीलीभीत बाईपास स्थित सुरेश शर्मा नगर, हरुनगला, फाएक इनक्लेव, रामपुर रोड के जागृति नगर, आनंद बिहार, रज़ा कॉलोनी, विधौलिया, तिलियापुर समेत दर्जनों इलाकों में लोग करीब आठ घंटे से अंधेरे में हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि न तो बिजली बहाल हुई है और न ही विद्युत विभाग के फोन उठ रहे हैं। शहर से लेकर देहात तक दोपहर तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई है।
सुरेश शर्मा नगर में पूरी रात अंधेरा
शहर के सुरेश शर्मा नगर के निवासियों ने बताया कि बीती रात करीब 2 बजे से बिजली गायब है। शुरुआत में लोग इनवर्टर के सहारे काम चला रहे थे, लेकिन अब बैटरी भी खत्म हो चुकी है। गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, और पानी की सप्लाई भी ठप हो चुकी है।
फोन की बैटरी भी खत्म होने को
स्थानीय निवासी नाराज़ हैं कि न तो बिजली है और न ही कोई अपडेट। एक नागरिक ने बताया, “अब तो मोबाइल चार्ज करने की भी सुविधा नहीं है। फोन की बैटरी भी अब खत्म होने को है। अगर किसी इमरजेंसी में बात करनी हो, तो भी मुश्किल हो जाएगी।”
कर्मचारी नेता ने उठाया मुद्दा
कर्मचारी नेता संजीव मेहरोत्रा ने बताया कि “बिजली विभाग की लापरवाही से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। न कोई हेल्पलाइन नंबर काम कर रहा है और न ही किसी अधिकारी से संपर्क हो पा रहा है।”इन क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। कई लोगों ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी परेशानी साझा की है और बिजली विभाग से जल्द राहत की मांग की है।
क्या कहता है बिजली विभाग?
इस खबर को लिखे जाने तक बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। न ही कोई टाइमलाइन दी गई है कि बिजली कब तक बहाल की जाएगी। विभाग के नंबर लगातार व्यस्त या बंद मिल रहे हैं।
जनजीवन अस्त-व्यस्त, जिम्मेदारी किसकी?
बारिश होते ही बरेली में बिजली व्यवस्था का ढह जाना यह दर्शाता है कि विभाग के पास कोई ठोस इंफ्रास्ट्रक्चर या इमरजेंसी प्लान नहीं है। प्रशासन को चाहिए कि ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करे और दोषियों पर कार्रवाई हो।
![]()
