बरेली : शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। भाजपा पार्षद चंद्र प्रकाश गुप्ता के बड़े भाई और पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे हादसे का शिकार हो गए। वह अपनी बाइक से ओवरब्रिज पार कर रहे थे। इसी दौरान चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे की तीखी धार ने उनकी गर्दन की नस काट दी। जिससे वह लहूलुहान होकर कोहाड़ापीर ओवरब्रिज पर गिर पड़े।
दुकान से लौट रहे थे घर
पार्षद चंद्रप्रकाश गुप्ता ने बताया कि बड़े भाई सूर्य प्रकाश गुप्ता अपनी रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान से लौट रहे थे और जैसे ही वे कोतवाली होकर कोहाड़ापीर ओवरब्रिज पर पहुंचे। इसी दौरान अचानक एक चाइनीज मांझा उनके गले में आ फंसा। मांझे की धार इतनी तेज़ थी कि उनके गले की नस कट गई। राह चलते लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
जानलेवा मांझे पर अब तक नहीं लग सकी लगाम
चाइनीज मांझा पर बरेली प्रशासन ने पहले भी कई बार प्रतिबंध लगाया है, लेकिन इसके बावजूद यह खुलेआम चोरी-छिपे बाजारों में बिक रहा है। पार्षद चंद्र प्रकाश गुप्ता ने इस घटना के बाद प्रशासन को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि “यह व्यापार अब स्मैक से भी ज़्यादा मुनाफे वाला हो गया है। दुकानदार पैसे के लालच में लोगों की जान से खेल रहे हैं। चाइनीज मांझा बेचने वाले व्यापारियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।”
अवैध मांझा बेचने वालों पर कड़ी FIR दर्ज की जाए
उन्होंने पतंग सामग्री की दुकानों पर छापेमारी होनी चाहिए। इसके साथ ही चाइनीज मांझा के निर्माण और आपूर्ति पर स्थायी प्रतिबंध लगे, घायलों के लिए सरकारी मुआवज़ा सुनिश्चित किया जाए। पूर्व पार्षद की स्थिति स्थिर, फिलहाल सूर्य प्रकाश गुप्ता अस्पताल में उपचाराधीन हैं और डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन गर्दन की नस में गंभीर चोट है, जिसके लिए विशेष चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है।
![]()
