बरेली : यूपी के बरेली रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड एवं वार्षिक निरीक्षण का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने परेड की सलामी ली और पुलिस लाइन के विभिन्न विभागों व निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड की शुरुआत में क्षेत्राधिकारी लाइन के संचालन में पुलिसकर्मियों की टोलीवार टर्नआउट चेक की गई और संपूर्ण ड्रिल अभ्यास कराया गया। आकस्मिक स्थितियों जैसे दंगा या उपद्रव की स्थिति से निपटने के लिए “दंगा नियंत्रण स्कीम” का प्रभावी अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, हैंड ग्रेनेड और टीयर स्मोक सेल के सुरक्षित एवं नियंत्रित उपयोग की जानकारी दी गई। एसएसपी ने विशेष रूप से बल प्रयोग के दौरान सावधानियों और मानकों को ध्यान में रखने पर जोर दिया।
परेड के बाद क्वार्टर गार्ड पर सलामी, फिर हुआ वार्षिक निरीक्षण

परेड समाप्ति के बाद अनुराग आर्य ने क्वार्टर गार्ड पर सलामी ली और फिर पुलिस लाइन के वार्षिक निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की। निरीक्षण में उन्होंने शस्त्रागार और गार्दरूम, जीपी स्टोर, यातायात कार्यालय, परिवहन शाखा, जीडी कार्यालय,पुलिस कैन्टीन, गैस एजेंसी, आरओ प्लांट, पुलिस कंट्रोल रूम, भोजनालय, बैरक, आटा, मसाला चक्की सहित निर्माणाधीन कार्य,निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, व्यवस्था, सुरक्षा मानकों और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता की स्थिति की समीक्षा की और सुधार हेतु निर्देश दिए।
रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण को लेकर विशेष निर्देश

एसएसपी ने आरटीसी (Recruit Training Centre) बैरकों का भी विशेष निरीक्षण किया और आगामी समय में भर्ती होने वाले आरक्षियों के प्रशिक्षण के मद्देनज़र बैरकों की स्थिति दुरुस्त करने, मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस महत्वपूर्ण परेड और निरीक्षण कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय/लाइन अजय कुमार, प्रतिसार निरीक्षक हरमीत सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
![]()
