मृतक के जीजा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज, दूसरे घर में गया था सोने
लखनऊ/ इटावा/औरैया: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक की हत्या प्रेमिका के पिता ने कर दी। मामला इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के खेड़ा हेलू गांव का है। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आरोपी पिता ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बताया जाता है कि औरैया जनपद निवासी युवक कुछ वर्षों से जीजा के घर रह रहा था। वह घर से दूसरे घर सोने गया था।
प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह

यूपी के औरैया जिले के अजीतमल कस्बा निवासी लवकुश पाल (18 वर्ष) अपने बहनोई के घर खेड़ा हेलू गांव में रह रहा था। इसी दौरान गांव की एक लड़की से उसका प्रेम संबंध हो गया। सोमवार रात करीब 10:45 बजे लवकुश अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंच गया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, लवकुश जैसे ही घर की पहली मंजिल के बरामदे में पहुंचा। इसी दौरान लड़की के पिता अनिल यादव ने तमंचे से उस पर गोली चला दी। गोली लगने से लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली की आवाज से गांव में मचा हड़कंप
इस वारदात के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर चौबिया थाना प्रभारी विपिन कुमार मलिक फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी अनिल यादव को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का दावा-“बदमाश समझकर मारी गोली”
पुलिस पूछताछ में आरोपी अनिल यादव ने दावा किया कि उसने लवकुश को बदमाश समझकर गोली चलाई। हालांकि, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि यह हत्या जानबूझकर की गई या किसी गलतफहमी में।
जीजा ने दर्ज कराई एफआईआर
मृतक लवकुश के जीजा राजेश पाल ने चौबिया थाने में आरोपी अनिल यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। राजेश के अनुसार, लवकुश रात करीब 7:45 बजे खाना खाकर सोने के लिए दूसरे घर गया था, लेकिन रात करीब पौने 11 बजे गोली चलने की आवाज आई। जब तक वे मौके पर पहुंचे, लवकुश की मौत हो चुकी थी। इस मामले में चौबिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की छानबीन जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया गया है और जल्द ही केस में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
