शिक्षा के मंदिर में अमर्यादित आचरण, जांच के बाद बीएसए की सख्त कार्रवाई
लखनऊ/अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर ब्लॉक के एक प्राथमिक विद्यालय से शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। फैयाजनगर प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षकों द्वारा स्कूल परिसर में शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दोनों शिक्षक खुलेआम शराब की बोतल और गिलास के साथ दिखाई दे रहे हैं, जबकि स्कूल की मेज पर यह सब कुछ सजा हुआ नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सर्दी के मौसम में रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन इसे सोमवार को एक स्थानीय युवक द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दो शिक्षक न सिर्फ शराब पी रहे हैं बल्कि आपस में गपशप भी कर रहे हैं, जैसे यह कोई सार्वजनिक स्थल नहीं बल्कि उनका निजी बैठकी स्थल हो। इस घटना ने न केवल शिक्षा व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि शिक्षकों की नैतिक जिम्मेदारी और आचरण को भी कठघरे में ला दिया है। ग्रामीणों ने पहले ही रविवार को जिलाधिकारी को इस मामले की शिकायत की थी। हालांकि, यह वीडियो पुराना दिखाई पड़ रहा है। क्योंकि, दोनों शिक्षक सर्दी में जैकेट और गर्म कपड़े पहने हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच के बाद की कार्रवाई
अमरोहा के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) उदयवीर सिंह ने वीडियो वायरल होने के बाद तुरंत इस पूरे मामले की जांच की। प्राथमिक रिपोर्ट में शराब पीने के आरोपों की पुष्टि हो गई। जिसके बाद बीएसए (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) द्वारा तुरंत प्रभाव से दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया। इसके बाद अरविंद कुमार प्रधानाध्यापक, प्राथमिक विद्यालय फैयाजनगर और अनुपाल सिंह, इंचार्ज अध्यापक, प्राथमिक विद्यालय सुतारी खुर्द को कारण बताओ नोटि जारी कर दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
गांव के लोगों में गुस्सा
ग्रामीणों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों को बच्चों के भविष्य को संवारना चाहिए, वे खुद अनुशासनहीनता और गलत आचरण का उदाहरण पेश कर रहे हैं। शिक्षा के मंदिर में इस प्रकार का व्यवहार न केवल छात्रों के लिए गलत संदेश है बल्कि पूरे समाज के लिए चिंताजनक है। BEO उदयवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि “शिक्षकों को अनुशासन का पालन करना अनिवार्य है। विद्यालय परिसर में शराब पीना बेहद निंदनीय कृत्य है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
