लखनऊ : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज दो अलग-अलग दुखद घटनाओं पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने दृष्टांत मीडिया समूह के प्रधान संपादक अनूप गुप्ता की माताजी शकुंतला गुप्ता ‘अम्मा’ (85 वर्ष) तथा अलीगढ़ के वरिष्ठ समाजवादी नेता मनीष शर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया।
शकुंतला गुप्ता के निधन पर श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी कार्यालय से जारी शोक संदेश में अखिलेश यादव ने शकुंतला गुप्ता के निधन को एक पारिवारिक और सामाजिक क्षति बताते हुए कहा कि उनका स्नेह, सेवा और संस्कार भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मनीष शर्मा के निधन पर राजनीतिक क्षति, सरकार से राहत की मांग
वरिष्ठ समाजवादी नेता मनीष शर्मा की अलीगढ़ में इमारत ढहने से हुई आकस्मिक मृत्यु पर शोक प्रकट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह समाजवादी परिवार और प्रदेश की राजनीति के लिए एक गहरा आघात है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा के चलते मनीष शर्मा की जान गई, और इस त्रासदी ने प्रदेशभर में जन-धन की भारी हानि पहुंचाई है। उन्होंने भाजपा सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक किसी भी प्रकार की राहत की घोषणा न होना बेहद दुखद और शर्मनाक है।”भाजपा सरकार की मानवीय संवेदनाएं मर चुकी हैं। उसे पीड़ितों की कठिनाइयों और परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
सरकार से राहत और मुआवजे की मांग
पूर्व सीएम ने सरकार से मांग की है कि इस आपदा में हताहतों और पीड़ितों के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सहायता तुरंत प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनके दुख में साथ खड़ा होना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिसे भाजपा सरकार लगातार नजरअंदाज कर रही है।
![]()
