पीलीभीत/बरेली: यूपी के पीलीभीत जनपद के माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेल्हा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। नए सीवर टैंक की सफाई के दौरान गैस रिसाव से दम घुटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पिता, पुत्री और दामाद शामिल हैं। यह दर्दनाक हादसा बुधवार शाम करीब चार बजे हुआ, जब प्रल्हाद मंडल (60 वर्ष), उनकी बेटी तनु विश्वास (32 वर्ष) और दामाद कार्तिक विश्वास (40 वर्ष) मिलकर घर के पास बनाए गए नए सीवर टैंक की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान पुराने टैंक से जहरीली गैस का रिसाव हो गया, जिससे टैंक के अंदर ही तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
जानें कैसे हुआ हादसा?
प्रल्हाद मंडल ने हाल ही में शौचालय निर्माण कराया था, लेकिन सीवर टैंक छोटा होने से दिक्कत हो रही थी। इसी कारण घर के पास 8 फीट गहरा नया टैंक खोदवाया गया। जिसमें स्लैब डालने के बाद सफाई की जा रही थी। काम के दौरान पुराने टैंक से गैस का रिसाव होने लगा, लेकिन टैंक की गहराई अधिक होने से तीनों बाहर नहीं निकल पाए।जब काफी देर तक कोई बाहर नहीं निकला, तो प्रल्हाद की वृद्ध पत्नी वहां पहुंची। तीनों को बेसुध देखकर उनकी चीख निकल गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
तीन मासूमों के सिर से उठा साया
इस दर्दनाक हादसे में कार्तिक और तनु की तीन बेटियां बरसा (9 वर्ष), सुधा (7 वर्ष) और रिद्धि (4 वर्ष) अनाथ हो गईं। दंपती मेहनत-मजदूरी कर जीवन चला रहे थे। तनु अपनी तीनों बेटियों और पति के साथ मायके में ही रह रही थी। कार्तिक पास के गांव मैनीगुलड़िया का रहने वाला था।
गांव में पसरा मातम, प्रशासन सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही रमनगरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। इसके बाद में कलीनगर तहसीलदार वीरेंद्र कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की, बच्चियों को ढांढस बंधाया और कहा कि नियमानुसार हर संभव मदद की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
![]()
