बरेली/पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। नए बाइपास पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल तीनों युवकों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां दो को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीसरे युवक की मौत उपचार के दौरान हो गई। तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। यह हादसा न्यूरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुआ। तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने सामने से आ रही बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही न्यूरिया और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की भी भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार
पुलिस के अनुसार हादसे में तीनों युवकों की पहचान हो गई है। इसमें अरविंद कुमार (30 वर्ष) निवासी बिठौरा खुर्द, पवन (24 वर्ष) निवासी बरखेड़ा और राजकुमार (26 वर्ष) निवासी नवाबगंज के भरौर पंडरी गांव का है। ये तीनों रिश्तेदार थे। अरविंद और पवन साले-बहनोई थे, जबकि राजकुमार अरविंद का फुफेरा भाई था। तीनों एक ही बाइक पर कहीं जा रहे थे।
हेलमेट नहीं पहनना बना जानलेवा
पुलिस जांच में सामने आया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दोनों वाहन काफी तेज रफ्तार में थे। जिससे टक्कर बेहद घातक साबित हुई। यदि हेलमेट पहना होता, तो शायद जान बच सकती थी।
पुलिस कर रही जांच, शव पोस्टमॉर्टम को भेजे गए
पीलीभीत जिले के न्यूरिया थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने मीडिया को बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कार चालक की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
परिजनों में मचा कोहराम
तीनों युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांवों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन की टीम ने परिजनों से संपर्क कर संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
![]()
