लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने पीड़ितों के दर्द में साथ खड़े रहने का फैसला लिया है। इसके लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर वाराणसी, कासगंज, बुलंदशहर और बाराबंकी में हाल ही में हुई मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं को गंभीरता से लिया है। उन्होंने चार अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों का गठन किया है। ये प्रतिनिधिमंडल कासगंज, वाराणसी, बुलंदशहर और बाराबंकी जाकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे और घटनाओं की वस्तुस्थिति का जायजा लेकर पार्टी को रिपोर्ट सौंपेंगे। जनता के हक और न्याय के लिए संघर्ष का फैसला लिया है। चारों घटनाओं पर गंभीर रुख अपनाते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी जनता की पीड़ा को कभी अनदेखा नहीं करती। “चाहे वह पुलिस की बर्बरता हो, प्रशासन की निष्क्रियता या दबंगई की घटनाएं – समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है,” उन्होंने कहा। पार्टी इन घटनाओं की पूरी पड़ताल कर सरकार से जवाबदेही मांगेगी और जरूरत पड़ने पर विधानसभा तथा संसद में मुद्दा उठाएगी।
कासगंज पुलिस बर्बरता की जांच को दिउरईया गांव जाएगा प्रतिनिधिमंडल
यूपी के जनपद कासगंज के थाना पटियाली के ग्राम दिउरईया में कुलदीप बघेल के घर चोरी की सूचना देने के बाद पुलिस द्वारा परिवार की महिलाओं सहित परिजनों के साथ मारपीट और बर्बरता का आरोप है। इस मामले की जानकारी लेने और पीड़ित परिवार से मुलाकात के लिए समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल कासगंज जाएगा। इसका नेतृत्व सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रामजी लाल सुमन करेंगे। उनके साथ सांसद देवेश शाक्य, विधायक नादिरा सुल्तान, पूर्व मंत्री मानपाल सिंह, जिलाध्यक्ष विक्रम यादव, पूर्व विधायक जीनत खान सहित कई वरिष्ठ नेता होंगे।
वाराणसी में फया राजभर की हत्या पर संवेदना जताएंगे सपाई
यूपी की वाराणसी विधानसभा सेवापुरी के अंतर्गत जंसा थाना क्षेत्र के बेनीपुर कुण्डलिया गांव में फया राजभर की हत्या के बाद माहौल तनावपूर्ण है। पीड़ित परिजनों से मिलने और घटना की सच्चाई जानने के लिए समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 07 मई को वाराणसी जाएगा। इसका नेतृत्व विधायक एवं राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर करेंगे। उनके साथ विधायक कमलाकान्त राजभर, पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, प्रदेश पदाधिकारी श्रीप्रकाश उर्फ लल्लन राय, रीबू श्रीवास्तव, प्रदीप जायसवाल सहित कई नेता शामिल होंगे।
बुलंदशहर में बाल्मीकि परिवार को प्रताड़ित करने पर सपा का विरोध
यूपी के बुलंदशहर जिले के ग्राम सूरतगढ़ उर्फ लोधई, थाना अनूपशहर निवासी पप्पू सिंह बाल्मीकि के परिवार को ऋषिपाल नामक व्यक्ति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की घटना पर संज्ञान लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 07 मई को बुलंदशहर पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक महेन्द्र बाल्मीकि, जिलाध्यक्ष मतलूब अली, नेता हाजी अख्तर, हरीश लोधी, सतीश बाल्मीकि, अजय बाल्मीकि विद्यार्थी सहित कई स्थानीय नेता शामिल होंगे।
बाराबंकी में दबंगों की पिटाई से धनीराम रावत की मौत, सपा जताएगी संवेदना
यूपी के बाराबंकी के ग्राम बेलखरा, थाना टिकैतनगर, ब्लॉक पूरेडलई में धनीराम रावत की दबंगों द्वारा बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। पीड़ित परिवार से मिलने और न्याय की मांग हेतु समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 07 मई को बाराबंकी जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में सांसद और राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद, पूर्व सांसद रामसागर रावत, विधायक फरीद महफूज किदवई, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह ‘गोप’, राकेश वर्मा, विधायक धर्मराज उर्फ सुरेश यादव, विधायक गौरव कुमार रावत, पूर्व विधायक राम मगन रावत, और अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
