बरेली : यूपी के बरेली देहात के देवरनिया थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी एक युवक ने सोशल मीडिया पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को अंजाम दिया था। यह वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने न केवल “पाकिस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाए, बल्कि कथित तौर पर पाकिस्तानी झंडा फहराकर उसका वीडियो फेसबुक पर साझा किया था। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। वीडियो को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ बताया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस कृत्य को सीधे तौर पर देशद्रोह करार देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तुरंत लिया संज्ञान में
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए देवरनिया थाने की पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 197 (1) (d), और 353(2) के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने जानबूझकर वीडियो को भड़काऊ मंशा से पोस्ट किया था, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द को खतरा पहुंच सकता था।
सोशल मीडिया पर निगरानी बढ़ी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया की निगरानी और सख्त कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की राष्ट्र विरोधी, भड़काऊ या सांप्रदायिक पोस्ट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे व्यक्ति की मंशा मजाकिया हो या गंभीर। पुलिस और प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर कोई भी पोस्ट साझा करने से पहले उसकी सत्यता और संवेदनशीलता को समझें। किसी भी आपत्तिजनक या संदेहास्पद सामग्री की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।
