लखनऊ/गाजियाबाद : यूपी के गाजियाबाद में एक पति ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। गाजियाबाद के शास्त्री नगर चौराहे पर उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया। महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति को पत्नी पर सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए अफेयर का शक था। यह घटना कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर चौराहे की है। यहां दोपहर में आरोपी ने पत्नी को बातचीत के बहाने बुलाया और मौके पर तेजाब से हमला कर दिया। महिला ने जब अपने चेहरे को हाथों से बचाने की कोशिश की, तो तेजाब हाथ, चेहरा, कमर और पैरों पर जा गिरा, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।
स्थानीय लोगों ने पकड़ा आरोपी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत आरोपी को दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। महिला को पहले गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
18 साल की शादी, दो बच्चों के माता-पिता
पुलिस के अनुसार आरोपी पश्चिम बंगाल निवासी है और महेंद्र एन्क्लेव में रहता है। वह ज्वेलरी कारीगर है। उसकी शादी 18 साल पहले हुई थी और दंपति के दो बच्चे हैं। दोनों पति-पत्नी सोशल मीडिया ऐप्स पर सक्रिय थे, और पति को पत्नी के कुछ संपर्कों पर शक था। इसी कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
घर छोड़कर चली गई थी पत्नी
एक हफ्ते पहले पत्नी अपनी बेटी को लेकर घर छोड़ चुकी थी। पति ने उस वक्त इसकी शिकायत पुलिस में की थी और लगातार पत्नी की तलाश कर रहा था। उसने पत्नी को चौराहे पर बातचीत के लिए बुलाया और मौका देखकर तेजाब से हमला कर दिया।
तेजाब का स्रोत पता लगाने में जुटी पुलिस
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक जांच में यह घटना पारिवारिक विवाद और अविश्वास का नतीजा लग रही है। आरोपी से तेजाब के स्रोत और उसके प्रकार के बारे में पूछताछ की जा रही है। अब तक पीड़िता की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।
![]()
