संत कबीर नगर/लखनऊ : यूपी के संत कबीर नगर जिले से एक चौंकाने वाला लेकिन सहमति से सुलझा मामला सामने आया है। यहां महुली थाना क्षेत्र के हरिहरपुर नगर पंचायत में एक महिला ने अपने देवर से शादी कर ली। खास बात यह रही कि शादी नगर पंचायत अध्यक्ष रवीन्द्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही के कैम्प कार्यालय में, परिवार की मौजूदगी और आम सहमति से हुई।
रोज़गार के लिए पति गया मुंबई, दिल दे बैठी देवर को
गोरखपुर जनपद के सहजनवा निवासी खुशबू की शादी छह महीने पहले हरिहरपुर के एक युवक से हुई थी। शादी के एक महीने बाद ही पति रोजगार के लिए मुंबई चला गया। इस दौरान खुशबू की नजदीकी अपने देवर अमित से बढ़ने लगी। बात धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों मिलने-जुलने लगे।
परिवार को लगी भनक, भागे प्रेमी-प्रेमिका
जब इस रिश्ते की भनक दोनों परिवारों को लगी, तो उन्होंने विरोध जताया। लेकिन प्यार में डूबे देवर-भाभी घर छोड़कर भाग निकले। बाद में उन्हें पकड़कर घर वापस लाया गया, जहां दोनों ने दो टूक कहा कि वे एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहते हैं।
पंचायत अध्यक्ष ने कराई शादी, पति ने कहा, ‘मुझे कुछ लेना-देना नहीं’
मामला नगर पंचायत अध्यक्ष पप्पू शाही के पास पहुंचा। पहले तो उन्होंने समझाने की कोशिश की, लेकिन जब दोनों नहीं माने तो कैम्प कार्यालय में ही दोनों परिवारों की सहमति से शादी करा दी गई। शादी के दौरान अमित ने खुशबू की मांग में सिंदूर भर कर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार किया। इस विवाह समारोह में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। वहीं खुशबू का पति इस शादी में नहीं आया और स्पष्ट रूप से कहा कि “मुझे इस शादी से कुछ लेना-देना नहीं है।”
शादी में ये लोग रहे मौजूद
सभासद जयराम, पवन शर्मा, चन्दन सैनी, महेश गोस्वामी, दीपक चौधरी और विधायक प्रतिनिधि पंकज कन्नौजिया भी इस अनोखी शादी के गवाह बने।
![]()
