मोहम्मदी/लखीमपुर खीरी/लखनऊ : यूपी के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना घटी। मोहम्मदी कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर रमेश चंद शुक्ला (45 वर्ष) की बाइक की टक्कर एक सांड से हो गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मंगलवार को लखनऊ में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वह मूल रूप से जनपद बाराबंकी जिले के निवासी थे।
अचानक रास्ते में आया सांड
सोमवार रात ड्यूटी खत्म करके वह बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक आवारा सांड अचानक सड़क पर आ गया। जिससे बाइक टकरा गई। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। मगर, इसके बाद फिर हालत बिगड़ने पर लखनऊ रेफर किया गया। मगर, मंगलवार को उनकी इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
लखीमपुर पुलिस महकमा, सहकर्मी और अधिकारीगण गहरे शोक में हैं। एसपी ऑफिस से श्रद्धांजलि संदेश जारी किया गया। कई पुलिसकर्मियों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और शांत स्वभाव वाला अधिकारी बताया। इससे पहले भी यूपी में आवारा पशुओं के हमले से तमाम लोगों की मौत हो चुकी है।
