बागपत/लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की क्रिकेट के पुराने विवाद को लेकर सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। बागपत जिले के सुन्हैड़ा गांव में रविवार रात यह वारदात उस समय हुई जब छुट्टी पर घर आए कांस्टेबल अजय पंवार टहल रहे थे।
छुट्टी पर आए थे अजय पंवार
32 वर्षीय अजय पंवार, वर्तमान में सहारनपुर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और दो दिन पहले ही गृह प्रवेश के लिए छुट्टी पर गांव आए थे। रविवार रात अजय गांव में अपने घर के पास टहल रहे थे कि तभी उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं।
आरोपी गांव का शिक्षक मोहित ?
हत्या का आरोप गांव के ही रहने वाले मोहित पर है, जो कि प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है और सहारनपुर में ही कार्यरत है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले गांव में क्रिकेट मैच के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जो बाद में व्हाट्सएप पर भी विवाद में बदल गई।
कहासुनी के बाद तानी तमंचा
रविवार रात जब दोनों आमने-सामने आए, तो बहस ने इतना तूल पकड़ लिया कि मोहित ने अपने पास रखा तमंचा निकालकर अजय को गोली मार दी। अजय को सोनीपत के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानें पुलिस ने क्या कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एएसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि “हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक मोहित घटना के बाद फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।”
घटना ने गांव में फैलाई दहशत
गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है और अजय पंवार की मौत से इलाके में गहरा आक्रोश और शोक है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी दोनों में कई बार बहस हो चुकी थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि मामला जानलेवा हमले तक पहुंच जाएगा।
