झांसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी के भानी देवी गोयल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 36वें क्षेत्रीय खेलकूद समारोह के समापन अवसर पर कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की स्थिति ‘बीमारू राज्य’ जैसी थी। बाहर जाने पर लोगों को अनदेखा कर दिया जाता था, और प्रदेश में माफिया, दंगाई और सौदेबाज हावी थे।
लेकिन अब वह दौर गया आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। योगी ने यह भी भरोसा दिलाया कि आगे इसे सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया जाएगा।
पदक विजेताओं को सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती का वादा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब वह समय नहीं रहा जब खेल और पढ़ाई को विरोध माना जाता था। उन्होंने प्रतिज्ञा की कि जो खिलाड़ी राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतेंगे, उन्हें सरकारी नौकरियों में सीधी भर्ती दी जाएगी। आम पदों जैसे डिप्टी एसपी, कानूनगो, खेल अधिकारी आदि में यह नियम लागू होगा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि भानी देवी गोयल इंटर कॉलेज में मिनी स्टेडियम बनवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेलकूद में किए गए खर्च और मेहनत व्यर्थ नहीं जाएगी UP सरकार हर संभव मदद करेगी।
परिवर्तन का एजेंडा और विपक्ष पर तंज
योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दंगाई, माफिया और सौदेबाजों को बढ़ावा देती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में आजकल खुद को ‘सेक्युलर’ कहने वाले लोग मूल्यों का अपमान करते हैं और अलगाववाद को बढ़ावा देते हैं। योगी ने यह भी कहा कि यूपी अब सिर्फ बदलाव की नयी दिशा में है “अब वह राज्य नहीं, देश की अर्थव्यवस्था का पॉवरहाउस बनेगा।”
