प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा सरकार पर हमला बोलते सपा प्रमुख अखिलेश यादव
सुप्रीम कोर्ट भी बुलडोजर के खिलाफ, सपा प्रमुख ने भाजपा की नीति को बताया गरीब विरोधी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर स्तर पर भेदभाव और अन्याय हो रहा है। अखिलेश यादव ने कहा “भाजपा सरकार में थानों की पोस्टिंग में भेदभाव हो रहा है। अन्याय और अत्याचार करने वाले भाजपा के लोग बखूबी निकल जाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। भाजपा झूठे मुकदमों का विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है। गरीब और निर्दोष लोग प्रताड़ित हो रहे हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहद खराब है। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश में दलित और महिलाओं के खिलाफ देश में सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं।”उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय लगातार झूठे मुकदमों और प्रताड़ना का शिकार हो रहे हैं।
मायावती के आरोपोंपापर पलटवार

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बसपा प्रमुख मायावती के आरोपों पर पलटवार किया। बोले- बसपा प्रमुख के आरोप निराधार हैं। अखिलेश यादव ने कहा “हमने समाजवादी सरकार में एलडीए को निर्देश दिए थे कि पार्कों का रखरखाव और सफाई सुनिश्चित की जाए। खजूर के पेड़ सूखने पर वासिंगटोनिया और क्रोशिया के पेड़ लगवाए गए। भाजपा सरकार अगर मैन्टीनेंस करती तो पत्थर काले नहीं पड़ते।”उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने समाजवादी सरकार में मूर्तियां और पार्क स्थापित कराए, जिसका रिकॉर्ड लिखित रूप में मौजूद है।
बरेली की घटना पर साजिश का आरोप
अखिलेश यादव ने बरेली में हुई बुलडोजर घटना को कानपुर के अखिलेश दुबे मामले को छिपाने की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि “बरेली में जो हुआ वह सरकार की विफलता है। ज्ञापन देने का कार्यक्रम पहले से घोषित था, लेकिन प्रशासन ने जानबूझकर घटना को होने दिया। प्रशासन में ऐसे लोग बैठे हैं, जो भाजपा को राजनीतिक लाभ दिलाने के लिए काम कर रहे हैं।”
बुलडोजर राजनीति और किसानों पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में बुलडोजर नहीं चला। क्योंकि, पुलिस के बड़े अधिकारी और सौ पुलिसकर्मी फंस रहे थे। वहीं, बरेली में गरीब, समाजवादी पार्टी और अल्पसंख्यक लोगों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने कृषि और बिजली क्षेत्र की विफलताओं पर भी टिप्पणी की। बोले – किसानों को खाद समय पर नहीं मिला, कई जगहों पर किसानों की मौत हुई। गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ा, मंडियां बंद की गई। बिजली उत्पादन बढ़ाने के बजाय निजीकरण किया गया, सब स्टेशन और ट्रांसमिशन अधूरा पड़ा ।एक्सप्रेस-वे के किनारे बनाए मंडियां और कन्नौज का काऊ मिल्क प्लांट बंद कर दिए गए। अखिलेश यादव ने कहा “सपा सरकार ने किसानों, नौजवानों और गरीबों के लिए काम किया, जबकि भाजपा सरकार ने केवल अपने हितों और राजनीतिक लाभ के लिए कार्य किया। हम बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ हैं, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी इसके खिलाफ बोल चुके हैं।”
अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और कांशीराम जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर बौद्ध भंतेगणों ने भगवान बुद्ध की प्रार्थना और आरती का आयोजन किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा “आज की राजनीतिक परिस्थितियों में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर, मान्यवर कांशीराम, नेताजी, डॉ. राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जी के बताए रास्ते को अपनाकर पीडीए को मजबूत करना है। सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत करना है और पीडीए की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय राज की स्थापना करनी है। हमें पूरा भरोसा है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।”
दबे, कुचले और वंचितों के लिए संघर्ष की याद
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी और नेताजी ने हमेशा दबे, कुचले और वंचित लोगों को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष किया। उन्हें सम्मान दिलाने का काम किया। “मान्यवर कांशीराम को इटावा से सांसद बनाने में समाजवादी पार्टी और नेताजी का अहम योगदान रहा। उस समय की कम्युनल पॉलिटिक्स का मुकाबला मिलकर किया गया।”
गोमती रिवरफ्रंट पर होगी प्रतिमा और पार्क
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने घोषणा की कि समाजवादी सरकार बनने पर गोमती रिवरफ्रंट पर मान्यवर कांशीराम जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी और उनके नाम पर 500 मीटर का पार्क बनाया जाएगा। इस अवसर पर शामिल हुए वरिष्ठ नेताओं में पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, मोहन लालगंज के सांसद आर.के. चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व विधायक अम्ब्रीश पुष्कर, राजेन्द्र यादव, गोमती यादव, श्याम किशोर यादव, जिलाध्यक्ष जयसिंह जयंत, शब्बीर खां, लक्ष्मण यादव, विजय बहादुर सिंह, कृष्ण कन्हैया पाल, पार्षद सुनील रावत, केशव रावत, राधेश्याम, शरद सरन सिंह, राम करन निर्मल, चन्द्रशेखर चौधरी, महेश चौरसिया, चन्द्रशेखर यादव, उमाशंकर वर्मा, निखिल कन्नौजिया, बचान सिंह यादव, सर्वेश यादव, यशवीर लोधी, अनिल पासी, मनोज पासवान, रामबाबू सुदर्शन, तरूण रावत, विजयश्री गौतम, ममता शर्मा, अर्चना रावत, हारून अजीज, अजय रावत, महताब सिंह यादव, बीना रावत, रितु अग्रवाल, एस.के. राय, जावेद अहमद सिद्दीकी आदि नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और मान्यवर कांशीराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
