गाजियाबाद/लखनऊ : सावन के पवित्र महीने के बीच गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-10 स्थित KFC रेस्टोरेंट को लेकर विवाद छिड़ गया। हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान मांस बिक्री से हिंदू धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। इसके विरोध में उन्होंने रेस्टोरेंट में घुसकर जबरन ताला जड़ दिया और “जय श्रीराम” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने भगवा झंडे लहराते हुए रेस्टोरेंट के भीतर जाकर नारेबाज़ी की और मांग रखी कि सावन भर मांस विक्रय पर रोक लगाई जाए। उनका कहना था कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर ऐसे प्रतिष्ठानों का संचालन हिंदू आस्था के खिलाफ है।
अखिलेश यादव बोले : KFC लाया कौन ?
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सवाल उठाया कि “KFC को लाया कौन?”यह टिप्पणी व्यापारिक उदारीकरण और बीजेपी की नीतियों पर अप्रत्यक्ष हमला मानी जा रही है। जिससे विवाद ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने थाना इंदिरापुरम में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी एंगल से तथ्यों को खंगाला जाएगा। हालांकि, KFC प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
