बिजनौर/लखनऊ : यूपी के बिजनौर जिले के बरकतपुर स्थित उत्तम शुगर मिल में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ईटीपी (Effluent Treatment Plant) प्लांट की सफाई के दौरान टैंक में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान गांव तीसोत्र निवासी कपिल देव (40 वर्ष), गांव कबूलपुर निवासी मुनेश्वर (45 वर्ष) और गांव लालपुर के सौपाल (49 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मुनेश्वर सुपरवाइजर थे और सफाई कार्य की निगरानी कर रहे थे।
परिवार में मचा कोहराम
सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए मिल प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई है और मृतकों के परिजनों को मुआवज़ा व सरकारी सहायता देने की मांग की है।
दम घुटने या जहरीली गैस से मौत की उम्मीद
ईटीपी टैंक में दम घुटने या जहरीली गैस से मौत की आशंका जताई जा रही है। निजी अस्पताल में भर्ती घायल मजदूर की हालत गंभीर है। इस मामले में पुलिस जांच जारी है। मगर, पुलिस की तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई संभव है। मिल प्रबंधन की सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं।
